निशाना चूके अर्जुन और हाथ से निकल गई कबीर सिंह

दक्षिण भारत की सुपरहिट फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' का हिंदी रिमेक 'कबीर सिंह' बनाने की प्लानिंग हुई तो अर्जुन कपूर के नाम का ही विचार सबसे पहले इसके मेकर्स के दिमाग में आया। शायद अर्जुन रेड्डी से ही उन्हें अर्जुन कपूर सूझा हो। 
 
बहरहाल, जब फिल्म अर्जुन को ऑफर की गई तो उसी समय अर्जुन को 'इंडियाज़ मोस्ट वांटेड' का भी ऑफर मिला। दोनों फिल्म निर्माताओं को एक ही डेट्स चाहिए थी और अर्जुन सोच में पड़ गए। 
 
इंडियाज़ मोस्ट वांटेड को राजकुमार गुप्ता बना रहे थे जो इसके पहले 'नो वन किल्ड जेसिका' और 'रेड' नामक सफल फिल्म दे चुके थे। अर्जुन ने 'अर्जुन रेड्डी' की बजाय राजकुमार गुप्ता की फिल्म चुनी। 
 
इधर 'कबीर सिंह' में शाहिद कपूर को ले लिया गया। दोनों ही फिल्म की शूटिंग लगभग साथ-साथ चली। 24 मई को 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' रिलीज हुई और कब आई और कब गई पता ही नहीं चला। कुछ लोगों ने इस फिल्म का नाम भी नहीं सुना होगा। 
 
लगभग एक महीने बाद 'कबीर सिंह' का प्रदर्शन हुआ और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। अब अर्जुन हाथ ही मल रहे होंगे। 
 
अर्जुन का करियर इस समय डांवाडोल चल रहा है। एक हिट की सख्त जरूरत है। 'कबीर सिंह' वो कमी पूरी कर सकती थी, लेकिन बॉलीवुड का अर्जुन निशाना चूक गया। दूसरी ओर फ्लॉप चल रहे शाहिद के हाथ एक हिट लग गई। इसीलिए तो महान फिल्मकार राज कपूर कहा करते थे- फिल्म-फिल्म पर लिखा है करने वाले का नाम। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी