'साई बाबा' एक्टर सुधीर दलवी के इलाज के लिए परिवार ने लगाई मदद की गुहार, आर्थिक सहायता करने पर ट्रोल हुईं रिद्धिमा कपूर

WD Entertainment Desk

गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 (12:59 IST)
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सुधीर दलवी को लेकर शॉकिंग खबर सामने आई है। सुधीर की तबीयत खराब चल रही है और उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह सेप्सिस जैसे जानलेना इंफेक्शन से जूझ रहे हैं। सुधीर दलवी ने फिल्म 'शिरडी के साईबाबा' में साई बाबा का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल की है। 
 
सुधीर दलवी के परिवार ने उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की है। सुधीर दलवी के इलाज में अभी 10 लाख रुपए से अधिक खर्च हो चुके हैं। परिवार आर्थिक रूप से टूट चुका है। उनके लिए अभी 15 लाख रुपए और चाहिए। इसके लिए परिवार ने फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ फैंस और अन्य लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
 
परिवार के मदद की अपील के बाद रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी उनके सपोर्ट में आगे आई हैं। उन्होंने सुधीर के परिवार की आर्थिक मदद की। रिद्धिमा ने उनके अकाउंट में पैसे भेजे और एक्टर के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना की। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी। 
 
हालांकि सुधीर दलवी की मदद के बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। रिद्धिमा की आर्थिक मदद को पब्लिसिटी पाने का तरीका बताया गया, इस पर अब उन्होंने जवाब दिया है। रिद्धिमा ने ट्रोर्ल्स को फटकार लगाते हुए लिखा, 'जीवन में सब कुछ दिखावे के लिए नहीं है। किसी जरूरतमंद की मदद करना और अपनी क्षमता के अनुसार उसकी मदद करना सबसे बड़ा आशीर्वाद है। 
 
बता दें कि सुधीर दलवी कई फिल्मों और टीवी सीरियल्स में काम कर चुके हैं। साई बाबा के किरदार के अलावा उन्होंने रामानंद सागर की 'रामायण' में ऋषि वशिष्ठ का रोल निभाया था। इसके अलावा 'वो हुए ना हमारे', 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी', 'जय हनुमान', 'विष्णु पुराण', 'बुनियाद' और 'जुनून' जैसे टीवी शोज में भी काम किया।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी