काजोल, रेखा, बिपाशा बसु, प्रियंका चोपड़ा और राधिका आप्टे जैसी कई एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने अपने रंग नहीं बल्कि काम से पहचान बनाई है। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा को कभी अपने रंग और पतली काया को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था।
स्मिता जयकर फिल्म 'किस्मत' में प्रियंका की 'मां' का किरदार निभा चुकी हैं। फिल्मीमंत्रा के साथ एक इंटरव्यू में स्मिता ने बताया कि कैसे उन्हें नहीं लगता था कि प्रियंका अपनी शक्ल की वजह से हीरोइन बन सकती हैं। उन्होंने प्रियंका का रूप-रंग के आधार पर उन्हें जज किया और उनके हीरोइन बनने पर शक जाहिर किया था।
स्मिता ने कहा, मैंने प्रियंका के साथ उनकी शुरुआती दिनों की फिल्म किस्मत की थी। वह बहुत दुबली-पतली और सांवली थीं। उन्हें मुझसे और मोहन जोशी से मिलवाया गया कि वह हमारी बेटी का किरदार निभाएंगी। जब मैंने उन्हें देखा, तो मैंने कहा, 'हे भगवान'। उस समय वह कुछ भी नहीं दिखती थीं। मैंने सोचा कि ये लोग हीरोइन कैसे बन जाते हैं।
स्मिता ने आगे कहा, प्रियंका चोपड़ा कमाल की थीं। कट टू, प्रियंका चोपड़ा वाह। मैंने सोचा, इस लड़की ने क्या कर दिखाया है? वह पूरी तरह से एक डिवा बन गईं। तो, आप किसी को जज नहीं कर सकते और कह सकते हैं, 'यार, ये किसको लेके आए हो।' कुछ मालूम नहीं किसकी किस्मत कब बदल जाए। क्या एक्ट्रेस हैं, शानदार!