बुरे वक़्त में छोटे भाई का फर्ज़ निभा रहे हैं अनिल कपूर

इतने सालों से बड़े भाई बोनी कपूर ने छोटे भाई अनिल कपूर और उनके जीवन से जुड़ी हर चीज़ संभाली थी। बड़े भाई का फर्ज़ उन्होंने बखूबी अदा किया। अब अनिल कपूर भी अपना भाई धर्म बखूबी निभा रहे हैं। 
 
बोनी कपूर बुरे दौर से गुजर रहे हैं और ऐसे समय में अनिल कपूर बोनी के परिवार का ध्यान रख रहे हैं। कपूर परिवार के करीबियों का भी कहना है कि अनिल और उनकी पत्नी ने बोनी और उनके बच्चों का पूरा भार उठाया है। 


 
सूत्र के मुताबिक बोनी और उनकी दोनों बेटियों जाह्नवी और खुशी की ज़िम्मेदारी अब अनिल कपूर ने ली है। वे सभी अनिल के घर शिफ्ट हो गए हैं। बोनी बहुत परेशान हैं और उनकी बेटियां मां के पार्थिव शरीर का मुंबई में आने का इंतज़ार कर रही हैं।
 
बोनी भी परेशान हैं और टूट से गए हैं, लेकिन वह एक मजबूत आदमी है। अंतिम संस्कार खत्म होने तक वे अपनी भावनाएं छुपाए रखेंगे। अभी वे खुद सदमे में हैं क्योंकि यह सब इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। 
 
खबर है कि श्रीदेवी-बोनी की दोनों बेटियां चिंता का विषय है। दोनों ही खुद को संभाल नहीं पा रहीं। खासकर छोटी बेटी। अनिल की पत्नी सुनीता कपूर और उनकी बेटी सोनम कपूर हर वक़्त जाह्नवी और खुशी के साथ रह रहे हैं। 
 
कपूर परिवार के एक सदस्य ने बताया कि परिवार के लिए यह सदमा है क्योंकि इसके लिए वे तैयार नहीं थे। इससे बुरा यह हुआ कि श्रीदेवी अपने घर से दूर दुबई में शांत हुईं, जिसकी वजह से उनके शव को यहां पहुंचने में कई दिक्कतों का सामना करन पड़ा। 
 
यह कपूर परिवार के लिए काफी मुश्किल समय है। सभी अपने काम छोड़कर घर पहुंचे हैं। अनिल कपूर और सोनम कपूर 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' की शूटिंग रद्द कर पहुंचे। वहीं अर्जुन कपूर ने अमृतसर में 'नमस्ते इंग्लैंड' की शूटिंग रोकी। सभी बोनी और उनकी बेटियों को संभालने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी