सैफ अली खान ने खुद पर हुए हमले को नकली बताने वालों को दिया जवाब, बताया क्यों पैदल चलकर आए थे अस्पताल से बाहर

WD Entertainment Desk
गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025 (13:15 IST)
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान हाल ही में 'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' के लेटेस्ट एपिसोड में बतौर गेस्ट बनकर पहुंचे। सेट पर सबसे अप्रत्याशित पल वो नहीं था जब हंसी गूंज रही थी, बल्कि वो था जब सैफ़ अली ख़ान की कहानी खत्म होने के बाद कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया।
 
सैफ अली खान ने कुछ समय पहले अपने घर में घुसे शख्स द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना के बारे में बताया। सैफ जब अस्पताल से बाहर आए तब कई यूजर्स ने हमले को नकली बताय था। अब इन आरोपों पर सैफ ने रिएक्ट किया है। 

बॉलीवुड की लेटेस्ट न्यूज पढ़ने के लिए क्लिक करें 
 
सैफ़ ने बताया कि कैसे एक रात उन्होंने चाकू से लैस हमलावर से अपने परिवार की रक्षा की थी। उनकी यह कहानी सुनते ही काजोल की आंखों में आंसू आ गए। काजोल ने सैफ से कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा था जिसमें सैफ अपनी गाड़ी से निकल कर चल रहे थे। वो उस वीडियो को देखकर हैरान थीं। 
 
इस पर सैफ ने कहा, जब यह खत्म हुआ, तो वहां से कुछ लोग आए थे। जाने के तरीके पर ढेर सारी सलाह... मीडिया एक्साइटेड था। और मैं... क्योंकि कोई मेरी बात नहीं सुन रहा था। मैंने कहा कि सुनो, अगर मीडिया उत्सुक है, तो हमें इसे सैटल कर लेना चाहिए और मुझे अस्पताल से बाहर जाने देना चाहिए क्योंकि मैं चल सकता हूं।
 
एक्टर ने कहा, यह बहुत बुरा था, लेकिन ठीक था। उन्होंने टांके लगाए और मैं एक हफ्ते तक वहां रहा। बैक ओके थी। चलने में दर्द हो रहा था, लेकिन मैं चल सकता था। व्हीलचेयर की ज़रूरत नहीं थी। किसी ने कहा कि आपको एम्बुलेंस में जाना चाहिए। किसी ने कहा कि व्हीलचेयर पर जाना चाहिए। और मैं सोच रहा था ‍कि पैनिक क्यों करना है परिवार, फैंस या किसी को भी। चल कर जाओ ताकि लोगों को संदेश मिल सके कि आप ठीक हैं। 
 
सैफ ने कहा, इस वजह से मैं पैदल चलकर आया था। इसको लेकर भी लोग चर्चा करने लगे कि हमला नकली था, असली था, लेकिन इस तरह की दुनिया में हम रह रहे हैं। 
 
सैफ की बातें सुनकर आम तौर पर चुटीले जवाबों और मुस्कान से माहौल हल्का करने वाली काजोल कुछ पल के लिए बिल्कुल शांत रहीं। फिर वे अपनी कुर्सी से उठीं और मंच पार कर सैफ़ को जाकर कसकर गले लगा लिया। यह आलिंगन न सिर्फ उस दर्दनाक घटना के प्रति सहानुभूति था, बल्कि उनके साझा इतिहास की झलक भी।
 
सैफ़ अली खान मूल रूप से बेख़ुदी (1992) में काजोल के अपोज़िट कास्ट किए गए थे — वही फ़िल्म जिसने काजोल को बॉलीवुड में लॉन्च किया। हालांकि सैफ़ बाद में फ़िल्म से बाहर हो गए, लेकिन शूटिंग के शुरुआती दिनों में वे काजोल के पहले को-स्टार थे। स्टूडियो में जैसे ही काजोल ने उन्हें गले लगाया, वह पुराना रिश्ता मानो फिर से ज़िंदा हो उठा।
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख