कमीने की जोड़ी ‍धूम मचाने को तैयार

बॉलीवुड के जाने-माने फिल्मकार विशाल भारद्वाज और जवां दिलों की धड़कन शाहिद कपूर सिल्वर स्क्रीन पर एक बार फिर से अपना करिश्मा दिखाने वाले हैं। बॉलीवुड में चर्चा है कि विशाल भारद्वाज एक फिल्म बनाने जा रहे हैं जिसमें शाहिद कपूर मुख्य किरदार निभाएंगे।

PR

फिल्म की कहानी शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक हेमलेट पर आधारित होगी। विशाल इसके पहले भी शेक्सपियर के नाटक मैकबेथ पर 'मकबूल' और ओथेलो पर 'ओमकारा' जैसी सफल फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं।

इस फिल्म के लिए अभिनेत्री का चयन अभी नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि विशाल भारद्वाज ने वर्ष 2009 में शाहिद कपूर और देशी गर्ल प्रियंका चोपड़ा को लेकर 'कमीने' का निर्माण किया था। इस फिल्म में शाहिद कपूर ने दोहरी भूमिका निभाई थी।

फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई थी। विशाल भारद्वाज की निर्मित फिल्म 'एक थी डायन' 19 अप्रैल को प्रर्दशित होने जा रही है। इस फिल्म में किसिंग किंग इमरान हाशमी, कोंकणा सेन, काल्की कोएचलिन और हुमा कुरैशी की मुख्य भूमिका है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें