गोगा कपूर का निधन

हिंदी फिल्मों में खलनायकी के तेवर दिखाने वाले अभिनेता गोगा कपूर का 3 मार्च 2011 को मुंबई में निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे और अपने पीछे तीन बेटियाँ छोड़ गए। गोगा पिछले कई महीनों से बीमार थे।

ऊँचे और मजबूत कद-काठी के कारण गोगा को ज्यादातर खलनायक की भूमिकाएँ मिली। उनकी भारी आवाज उनकी शख्सियत पर फबती थी। गोगा ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया, जिनमें से ज्यादातर में वे अमिताभ बच्चन के साथ नजर आए।

नाटकों से अपने अभिनय का सफर शुरू करने वाले गोगा को 1971 में ‘ज्वाला’ नामक पहली फिल्म मिली। धीरे-धीरे वे अपनी पहचान बनाते गए। कुली, सत्ते पे सत्ता, अग्निपथ, याराना, लावारिस, शान, मुकद्दर का सिकंदर, हेराफेरी, जंजीर, कयामत से कयामत तक, कभी हाँ कभी ना जैसी कई फिल्मों में उन्होंने अभिनय किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें