निर्माता : कुमार एस तौरानी, रमेश एस तौरानी निर्देशक : अब्बास-मस्तान संगीत : प्रीतम चक्रवर्ती कलाकार : बॉबी देओल, अक्षय खन्ना, उर्वशी शर्मा
IFM
रहस्य और रोमांच से भरी फिल्म बनाने के लिए अब्बास-मस्तान की जोड़ी प्रसिद्ध है। इन दोनों भाइयों ने मिलकर कई हिट फिल्में दी हैं। अब्बास-मस्तान अपने कलाकारों को बड़े ही स्टाइलिश अंदाज में पेश करते हैं इसलिए बॉलीवुड के कलाकार उनके साथ काम करने के लिए लालायित रहते हैं।
बॉबी देओल और अक्षय खन्ना जैसे कम मूल्य वाले सितारों को लेकर इस निर्देशक जोड़ी ने ‘हमराज’ जैसी हिट फिल्म बनाई है। एक बार फिर वे इनको लेकर ‘नकाब’ नामक फिल्म दर्शकों के सामने पेश कर रहे हैं।
‘नकाब’ की कहानी तीन कलाकारों के इर्दगिर्द घूमती हैं। सोफी (उर्वशी शर्मा) एक मध्यमवर्गीय लड़की हैं। सोफी का करण खन्ना (बॉबी देओल) के साथ ‘लिव इन रिलेशनशिप’ का रिश्ता है। करण की गिनती रईसों में होती है।
एक दिन सोफी की मुलाकात विकी मल्होत्रा (अक्षय खन्ना) से होती है। विकी एक जवान लड़का है और एक सफल अभिनेता बनना उसका सपना है। विकी से मिलकर उर्वशी को पता चलता है कि सच्चा प्यार क्या होता है। वह उसकी ओर आकर्षित होने लगती है।
कहानी के इस मोड़ पर तीनों किरदारों के अतीत में छुपे रहस्य सामने आने लगते हैं। उर्वशी क्या चाहती है? वह करण और विकी में से किसे चुनेंगी? तीनों के अतीत में क्या छिपा हुआ है? इन सवालों के जवाब मिलेंगे अब्बास-मस्तान की थ्रिलर ‘नकाब’ में।