देशभर में कोरोना टीकाकरण 168.47 करोड़ के पार, 65 फीसदी किशोरों को मिली पहली डोज

शुक्रवार, 4 फ़रवरी 2022 (12:36 IST)
नई दिल्ली। पिछले 24 घंटे में देशभर में 55 लाख से अधिक कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड टीके लगाए गए हैं, जिसके साथ ही कुल टीकाकरण 168.47 करोड़ से अधिक हो गया है।इस बीच देश में 65 प्रतिशत किशोर आबादी को पहला कोविड टीका लगाया जा चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में 55 लाख 58 हजार 760 कोविड टीके लगाए गए हैं। इसके साथ ही आज सुबह 7 बजे तक 168 करोड़ 47 लाख 16 हजार 68 कोविड टीके दिए जा चुके हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के एक लाख 49 हजार 349 नए मरीज सामने आए हैं। इनके साथ ही देश में कोरोना रोगियों की संख्या 14 लाख 35 हजार 569 हो गई है। यह संक्रमित मामलों का 3.42 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर 9.27 प्रतिशत हो गई है।
Koo App

मंत्रालय ने बताया कि इसी अवधि में 2 लाख 46 हजार 674 लोग कोविड से मुक्त हुए हैं। अभी तक कुल 4 करोड़ 17 हजार 88 लोग कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 95.39 प्रतिशत है। देश में पिछले 24 घंटे में 16 लाख 11 हजार 666 कोविड परीक्षण किए गए हैं। देश में कुल 73.58 करोड़ कोविड परीक्षण किए गए हैं।

65 प्रतिशत किशोरों को लगा कोविड टीका : देश में 65 प्रतिशत किशोर आबादी को पहला कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड टीका लगाया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए बताया कि केवल एक महीने में 15-18 आयु वर्ग के 65 प्रतिशत बच्चों को कोविड टीके की पहली खुराक लग चुकी है।

उन्होंने कहा, यंग इंडिया का ऐतिहासिक प्रयास ज़ारी...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान रच रहा नए कीर्तिमान। देश में किशोर वर्ग में तीन जनवरी 2022 से कोविड टीका लगाया जा रहा है। किशोरों को कोवैक्सीन का टीका दिया जा रहा है। देश में किशोर आबादी तकरीबन साढ़े सात करोड़ है।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी