Corona Virus : भारतीय विमान ने 5 विदेशियों को डायमंड प्रिंसेस से निकाला, श्रीलंकाई पीएम ने जताया आभार

गुरुवार, 27 फ़रवरी 2020 (17:21 IST)
कोलम्बो। प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने जापान में योकोहामा तट के पास एक जहाज पर सवार श्रीलंका के दो नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार को भारत को धन्यवाद दिया। इस जहाज पर सवार कुछ लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

एअर इंडिया के एक विमान से गुरुवार को 119 भारतीयों को वापस लाया गया। भारतीय नागरिकों के साथ जिन विदेशियों को वहां से वापस लाया गया उनमें श्रीलंका के दो और नेपाल, दक्षिण अफ्रीका तथा पेरू का एक- एक नागरिक शामिल है।

राजपक्षे ने बयान जारी कर कहा कि कोलंबो में भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त ने उन्हें सूचित किया कि डायमंड प्रिंसेस जहाज पर सवार श्रीलंका के दो नागरिकों को टोक्यो से बाहर निकाल लिया गया और वे दिल्ली में सुरक्षित पहुंच चुके हैं।

बयान में कहा गया है, 'प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी), भारत सरकार को आभार कि उन्होंने नागरिकों को सुरक्षित निकाला।'

टोक्यो के नजदीक योकोहामा बंदरगाह पर तीन फरवरी से खड़े डायमंड प्रिंसेस जहाज में सवार 3711 व्यक्तियों में ये लोग भी शामिल थे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी