Delhi assembly elections : दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को होने वाले चुनाव का प्रचार सोमवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। सोमवार को तीनों प्रमुख दलों के बड़े नेताओं ने मतदाताओं को रिझाने के लिए अंतिम प्रयास के तहत रोड शो, जनसभाएं, पदयात्राएं कीं और बाइक रैलियां निकालीं। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार को सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के कई मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया।
आम आदमी पार्टी (AAP) अपने वादों और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के प्रति आश्वस्त है। सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन, आप नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के निर्वाचन क्षेत्र कालकाजी समेत तीन इलाकों में रैलियों को संबोधित किया।
दिल्ली में 25 साल से ज्यादा समय बाद सत्ता हासिल करने के इरादे से उतरी भारतीय जनता पार्टी ने शहर में 22 रोड शो और रैलियां कीं। सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के कई मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया।
पिछले दो चुनावों में कोई भी सीट जीतने में विफल रही कांग्रेस ने भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिशें कीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजधानी में पार्टी की खोई हुई जमीन फिर से हासिल करने के उद्देश्य से कालकाजी और कस्तूरबा नगर में अलग-अलग रोड शो किए।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 तृतीय लिंग मतदाता हैं। आयोग ने दिव्यांग व्यक्तियों के लिए 733 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। आयोग ने कतार व्यवस्था प्रणाली (क्यूएमएस) ऐप भी पेश किया है, जिससे मतदाता मतदान केंद्रों पर भीड़ के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए घर पर मतदान की सुविधा के तहत 7,553 पात्र मतदाताओं में से 6,980 ने पहले ही अपने वोट डाल दिए हैं। 24 जनवरी से शुरू हुई यह सेवा चार फरवरी तक जारी रहेगी। दिल्ली पुलिस ने सात जनवरी को लागू हुई आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन के 1,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने चुनाव अवधि के दौरान कानून उल्लंघन के विभिन्न मामलों में 33,434 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
चुनाव की तैयारी के लिए आयोग ने अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 19,000 होमगार्ड और 35,626 दिल्ली पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। इसके अतिरिक्त, 21,500 से अधिक मतपत्र इकाइयां और वीवीपैट तैयार किए गए हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
सुबह 4 बजे से शुरू होगी मेट्रो : दिल्ली मेट्रो चुनाव कार्य में लगे कर्मियों की सुगमता की खातिर मतदान और मतगणना के दिन अपने प्रारंभिक स्टेशनों से तड़के चार बजे अपनी सेवा का परिचालन शुरू कर देगी। सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि तड़के चार बजे से सुबह छह बजे तक सभी लाइन पर मेट्रो ट्रेन आधे-आधे घंटे के अंतराल पर चलेगी और उसके बाद पूरे दिन नियमित मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दिल्ली पुलिस ने आम जनता और मतदाताओं के लिए मतदान अनुभव को आसान बनाने के उद्देश्य से यातायात के भी व्यापक प्रबंध किए हैं।
डीएमआरसी के बयान में कहा गया कि दिल्ली में पांच फरवरी को विधानसभा चुनाव और आठ फरवरी को मतगणना के दिन सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवाएं अपने प्रारंभिक स्टेशनों से सुबह चार बजे शुरू होंगी ताकि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इसके अलावा, चुनाव ड्यूटी के बाद देर से लौटने वाले चुनाव अधिकारियों/कर्मचारियों की सुविधा के लिए, सभी लाइनों पर अंतिम मेट्रो सेवाएं भी पांच और छह फरवरी की मध्यरात्रि तक बढ़ा दी जाएंगी। रेड लाइन पर मेट्रो सेवा का समय रात 11 बजे से बढ़ाकर 12 बजे कर दिया गया है।
यलो लाइन के मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से समयपुर बादली तक रात 11 बजे से 11:30 बजे तक और समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम तक रात 11 बजे से पौने बारह बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। बयान के मुताबिक, ब्लू लाइन पर मेट्रो की आवाजाही का समय बढ़ाकर रात 11 बजकर 50 मिनट तक कर दिया गया है, जबकि वॉयलेट लाइन पर समय बढ़ाकर रात 12 बजे और रात 1 बजे कर दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात जोन-2) दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करने के लिए, दिल्ली यातायात पुलिस (जोन-2) ने द्वारका, बिजवासन, विकासपुरी, उत्तम नगर, मटियाला, पालम, राजौरी गार्डन, तिलक नगर, जनकपुरी, राजेंद्र नगर, सुल्तानपुर माजरा, देवली, महरौली, छतरपुर, संगम विहार, अंबेडकर नगर, जंगपुरा, कालका जी, तुगलकाबाद और ओखला के मतदान केंद्रों पर पार्किंग की सुविधा प्रदान करने सहित सड़कों पर उचित तैनाती की है। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour