अखिलेश का केंद्र सरकार पर बड़ा निशाना, कहा- दंभी सत्ता के खिलाफ एकजुट है पूरा हिन्दुस्तान

अवनीश कुमार

गुरुवार, 10 दिसंबर 2020 (19:45 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में जैसा अन्याय देश के अन्नदाता किसान के साथ आजाद भारत में कभी नहीं हुआ। लगातार एक पखवाड़े से खुले आसमान के नीचे ठंड में कांपते किसान सरकार से अपनी व्यथा-कथा बताने को सड़क पर हैं, लेकिन सरकार है कि उसके कान पर जूं ही नहीं रेंग रही है। अपने मन की बात देश को जबरन सुनाने वाले किसान की कोई बात सुनने को तैयार नहीं है।
ALSO READ: Live Updates : किसानों की सरकार को चेतावनी, रद्द नहीं हुए कानून तो रेलवे ट्रैक करेंगे ब्लॉक
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन भारत के इस लोकतांत्रिक मूल्य की पुन:स्थापना का भी आंदोलन है कि सरकार के सभी फैसलों में आम जनता की भागीदारी होनी चाहिए, सरकार की मनमानी नहीं। किसानों को सरकार के जिन फैसलों से दुश्वारी है, उनको समाप्त करने की मांग में अनुचित क्या है? सरकार जनता के लिए जनता द्वारा चुनी जाती है। देश की सबसे बड़ी पंचायत में जनमत की अवहेलना लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना से ही खिलवाड़ है।
ALSO READ: नए कृषि कानून किसानों के हित में, मिलेगी आजादी, जारी रहेगी MSP
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की हठधर्मी के कारण ही भारत में लोकतंत्र को बचाने के लिए देश का हर नागरिक भी आज किसान आंदोलन के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ता जा रहा है। भाजपा हताश है, क्योंकि किसानों के साथ जनता भी जुड़ती जा रही है। किसान संग अवाम है। हर नर-नारी और नौजवान भी। दंभी सत्ता के खिलाफ एकजुट है पूरा हिन्दुस्तान।
 
उन्होंने कहा कि वैसे यह तथ्य तो अब जगजाहिर है कि भाजपा का एजेंडा ही लोगों को झांसा देना है। सत्ता में आने के लिए उसने किसानों को कर्जमाफी, फसल की लागत का ड्योढ़ा दाम देने और सन् 2022 तक आय दुगनी करने का राग अलापा, पर किया क्या? भाजपा सरकार ग्रामोफोन की अटकी सुई की तरह है, जनहित के कामों में उसकी रुचि नहीं। सच्चाई से उसका दूर-दूर तक रिश्ता नहीं है। वह तो कल्पना लोक में ही महल बनाती है और सपने दिखाकर लूटने का काम करती है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी