गुजरात में रूपाणी, पटेल को टिकट नहीं मिला पर स्टार प्रचारक तो हैं

शुक्रवार, 11 नवंबर 2022 (23:17 IST)
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल शामिल हैं। दोनों ही नेता इस बार भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में नहीं हैं।
 
भाजपा के स्टार प्रचारकों की फेहरिस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (गुजरात), योगी आदित्यनाथ (उप्र), हिमंत विश्वशर्मा (असम), शिवराज सिंह चौहान (मध्य प्रदेश) और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेपी नड्डा समेत 40 स्टार प्रचारक इस सूची में शामिल हैं।
 
निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार को लेकर खर्च की सीमा तय की है। नियम के मुताबिक इन स्टार प्रचारकों पर आने वाले खर्च को पार्टी द्वारा वहन किया जाएगा ना कि स्थानीय उम्मीदवार द्वारा।
 
भाजपा ने 182 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 160 उम्मीदवारों का ऐलान किया था। पार्टी ने दावा कि उसके कई वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के फैसले से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया है। गुजरात में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को दो चरण में चुनाव होगा। परिणाम हिमाचल प्रदेश के साथ ही आएंगे। (भाषा/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी