देशभक्ति पर बेहतरीन हिन्दी कविता : करुणा दया प्रेम का भारत

प्रभुदयाल श्रीवास्तव
मंगलवार, 13 अगस्त 2024 (12:10 IST)
Poem on 15th August
 

ALSO READ: 15 अगस्त, स्व‍तंत्रता दिवस पर कविता : इसी देश में
 
भारत मां का शीश हिमालय‌ 
चरण हैं हिन्द महासागर, 
मातुश्री के हृदय देश में 
बहती गंगा हर-हर-हर। 
  
अगल-बगल माता के दोनों 
लहराते हैं रत्नाकर, 
पूरब में बंगाल की खाड़ी 
पश्चिम रहे अरब सागर। 
  
मध्यप्रदेश में ऊंचे-ऊंचे 
विंध्य, सतपुड़ा खड़े हुए, 
सोन, बेतवा, चंबल के हैं 
यहीं कहीं चरणों के घर। 
  
छल-छल छलके यहां नर्मदा 
यमुना-केन चहकती हैं, 
दक्षिण में गोदावरी, कृष्णा 
पार उतारें भवसागर। 
  
हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई 
रहते हैं सब मिल-जुलकर, 
यहां चाहते देवता रहना 
स्वर्ग लोक से आ-आकर। 
  
कहीं भेद न भाव धर्म का 
न ही जाति का बंधन, 
करुणा, दया, प्रेम का भारत‌ 
मन सबके निर्मल, निर्झर।

ALSO READ: आजादी पर्व के अवसर पर रोचक कविता : विश्व पटल पर चमके हम
 
(वेबदुनिया पर दिए किसी भी कंटेट के प्रकाशन के लिए लेखक/वेबदुनिया की अनुमति/स्वीकृति आवश्यक है, इसके बिना रचनाओं/लेखों का उपयोग वर्जित है...)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख