पिथौरागढ़ यानी 'छोटा कश्मीर'

-पूनम

ND
'कितनी खूबसूरत ये तस्वीर है, मौसम बेमिसाल-बेनजीर है, ये कश्मीर है... ' जी हाँ कश्मीर के बारे में कुछ ऐसा ही गाया और गुनगुनाया जाता है। पर हम बात कर रहे हैं 'छोटे कश्मीर' की। आप रिवर राफ्टिंग, हेंड-ग्लाइडिंग या स्कीइंग के शौकीन हैं तो आपको यह जगह जरूर पसंद आएगी।

यहाँ आकर आप शहरी भाग-दौड़, गर्मी और उमस भरे माहौल को भूल जाएँगे। प्रकृति की गोद में चैन के कुछ पल बिताने को मिले तो मन को सुकून मिलता है। हम बात कर रहे हैं उत्तर भारत का छोटा कश्मीर कहे जाने वाले उत्तराखंड राज्य के हिल स्टेशन पिथौरागढ़ की।

यहाँ की हरी-भरी वादियों में आकर आपको हर वह चीज मिलेगी जो कश्मीर में मिल सकती है। पिथौरागढ़ के आस पास बहुत सी झीलें, हरी-भरी पहाड़ियाँ और ऊँचे-नीचे घुमावदार रास्ते मन को एक नजर में ही भा जाते हैं। ठंडी हवाओं के झोंके दिल्ली की गर्मी को भुला देते हैं।

मन करता है कि यहीं बस जाएँ। रंगबिरंगे फूल-पत्तियाँ, हरी-हरी नर्म, मुलायम घास की ऊँची-नीची परत पर नंगे पैर चलने से तन और मन दोनों को ताजगी मिलती है।

जोलिंगकॉंग और अंछेरीताल झील विशेष तौर पर मशहूर हैं। यहाँ से 20 किलो मीटर की दूरी पर पूर्णागिरि नामक धार्मिक स्थल है। यहाँ लोग दूर-दूर से दर्शन करने के लिए आते हैं। कुछ किलोमीटर की दूर पर सिखों का धार्मिक स्थल रीठा साहिब लोहाघाट में स्थित है।

आप पिथौरागढ़ में कुछ ज्यादा दिन के लिए रुके हैं तो यहाँ से आप बलेश्वर जा सकते हैं। यह प्रसिद्घ धार्मिक स्थल है। चंपावत से 22 किमी और लोहाघाट से 9 किमी की दूरी पर स्थित है मायावती आम। यहाँ का अद्वैत आम भी अध्यात्म के लिए देश-विदेश में मशहूर है।

यहाँ का 'अबूत पर्वत' पहाड़ों का सौंदर्य देखने का प्रमुख स्थल है। यहाँ से घाटी की मनोहारी झाँकी देखने को मिलती है। लोहाघाट से 45 किमी की दूरी पर स्थित देवीधारा का वराशी मंदिर मशूहर जगह है। यहाँ रक्षा बंधन के दिन हर साल दो पक्षों में परंपरागत एक दूसरे पत्थर फेंकने के खेल का आयोजन किया जाता है। यहाँ से सात किमी की दूरी पर स्थित वाणासुर का किला यहाँ के मशहूर पर्यटक स्थलों में से हैं।

सड़क मार्ग से दिल्ली से पिथौरागढ़ की दूरी 496 किलोमीटर है। गाजियाबाद, गजरौला, मोरादाबाद, रामपुर, बिलासपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, पदमपुरी, शिलालेख, चिल्का चाइना आदि रास्ते में पड़ते हैं। यहाँ आकर ठहरने की समस्या नहीं है। दिल्ली, अल्मोड़ा और नैनीताल से यहाँ के लिए नियमित बस सेवाएँ हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें