दिव्यांग कोटे से मिली नौकरी, फिर कैसे डांस कर रहीं ये अधिकारी, NEYU ने लगाए MPPSC भर्ती में घोटाले के आरोप

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 14 फ़रवरी 2025 (13:32 IST)
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक नया मामला सामने आया है। दरअसल, नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन (NEYU) ने इसमें भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। NEYU ने दावा किया है कि MPPSC की 2022 की भर्ती में धांधली हुई है।

आरोप है कि दिव्यांग कोटे के तहत चयनित कुछ उम्मीदवारों ने गलत तरीके से फायदा उठाकर नौकरी हथिया ली। उनका आरोप है कि जिन लोगों ने यह धांधली की है उनमें एक नाम प्रियंका कदम का है, जिनका चयन अस्थिबाधित दिव्यांग कोटे से हुआ था और वे वर्तमान में जिला आबकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। बता दें कि हाल ही में प्रियंका कदम के कुछ डांस वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते नजर आ रहे हैं, ऐसे में NEYU का आरोप है कि अगर वे अस्थिबाधित दिव्यांग हैं तो फिर डांस कैसे कर सकती हैं। इन तमाम आधार पर MPPSC भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।

अस्थिबाधित तो फिर डांस कैसे : आरोप लगाते हुए प्रियंका कदम के बारे में कहा जा रहा है कि अस्थिबाधित दिव्यांग कोटे से मध्य प्रदेश में सरकारी अधिकारी का पद पाने वाली प्रियंका कदम एक वीडियो में ढोल की थाप पर अच्छे से डांस कर रही है। एक वीडियो में वे डीजे के फ्लोर पर डांस करती दिख रही है। नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन का आरोप है कि सोशल मीडिया पर चयनित अधिकारी प्रियंका कदम के डांस वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनका चयन अस्थिबाधित दिव्यांग कोटा से हुआ था।

दूसरी तरफ प्रियंका का दावा है कि उनकी हड्डी खराब है और सर्जरी के बाद पैरों में रॉड डाली गई है। दरअसल, इस विवाद के बाद प्रियंका कदम ने अपनी एक्स-रे रिपोर्ट सार्वजनिक की है। उन्होंने बताया कि उनके दोनों पैरों की हड्डी खराब हो चुकी है और उनकी सर्जरी कर उनमें रॉड डाली गई है। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांग होने का अर्थ केवल व्हीलचेयर पर बैठना नहीं होता। उनका कहना है कि वे पेनकिलर खाकर डांस करती हैं।

जांच की मांग कर रहे लोग : संगठन के राधे जाट का कहना है कि प्रियंका कदम ही नहीं, बल्कि और भी कई लोग दिव्यांग कोटे के तहत चयनित हुए हैं, लेकिन वास्तव में उनकी स्थिति कुछ और है। अब सवाल यह उठता है कि क्या MPPSC की चयन प्रक्रिया पारदर्शी थी या इसमें हेरफेर हुआ है? इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाना चाहिए।

मेहनत से बनी अधिकारी –प्रियंका : प्रियंका कदम ने एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह सामान्य परिवार से हैं। उनके पिता मजदूर थे और मां सिलाई करती थीं। सरकारी अफसर बनने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी डिसएबिलिटी परमानेंट नहीं है। पहले वह वॉकर का सहारा लेकर चलती थीं, फिर स्टिक का लेकिन अब उन्हें सहारे की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ती है। उनके दोनों पैरों की हड्डी खराब हो चुकी है। सर्जरी के बाद उनमें रॉड डाली गई है।
Edited By: Navin Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी