8 जनवरी से इंदौर का एमजी रोड और जवाहर मार्ग होगा वन-वे

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 6 जनवरी 2024 (10:24 IST)
Indore News: इंदौर में दिन-प्रतिदिन बढ़ते वाहन और सड़कों के संकरे होते चले जाने को लेकर यातायात में सुधार कार्य जारी है। इसी दिशा में कदम उठाते हुए इंदौर की दो प्रमुख सड़कों एमजी रोड (MG Road) और जवाहर मार्ग (Jawahar Marg) को वन-वे (one-way) किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था को 8 जनवरी (8 January) से लागू किया जाएगा।
 
इस नई व्यवस्‍था के अनुसार अब वाहन बड़ा गणपति से कृष्णपुरा छत्री की ओर जा तो सकेंगे, लेकिन उन्हें इस मार्ग से वापस आने की अनुमति नहीं रहेगी। इसी तरह जवाहर मार्ग पर वाहन राजमोहल्ला से नंदलालपुरा की ओर तो जा सकेंगे, लेकिन इसी मार्ग से वापस आने की अनुमति नहीं रहेगी।
 
ये 2 सड़कें होंगी वन-वे : जवाहर मार्ग पर राजमोहल्ला से नंदलालपुरा तक की 1.8 किमी लंबी और एमजी रोड पर कृष्णपुरा पुल से बड़ा गणपति तक करीब 1.7 किमी सड़कें वन-वे हो जाएंगी। इन दोनों प्रमुख मार्गों को 40 से ज्यादा लिंक रोड़ (छोटी सड़कें) जोड़ती हैं। इन लिंक रोड पर सामान्य आवाजाही हो सकेगी।
 
क्या बोले महापौर? : इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने एमजी रोड और जवाहर मार्ग को 8 जनवरी से वन-वे करने की पुष्टि करते हुए बताया कि बिगड़ते यातायात को देखते हुए यह जरूरी था। हाल ही में हुई एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा हुई थी। महापौर ने बताया कि दोनों प्रमुख मार्गों के कुछ हिस्से को ही वन-वे किया गया है। इस बदलाव के परिणामों का विश्लेषण करने के बाद व्यवस्था में बदलाव किए जा सकते हैं।
 
ई-रिक्शा को मुख्य मार्गों पर चलाने की अनुमति नहीं रहेगी : शहर में जहां-तहां खड़े होने वाले ई-रिक्शा से होने वाली समस्या को लेकर महापौर ने कहा कि बहुत जल्द ई-रिक्शा को लेकर नई नीति बनाई जाएगी। शहर में ई-रिक्शा के लिए कुछ रूट निर्धारित किए जाएंगे। ई-रिक्शा सिर्फ वहीं चल सकेंगे। शहर के मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा चलाने की अनुमति नहीं रहेगी। इसके अलावा ई-रिक्शा के जहां-खड़ा होने पर भी रोक लगाई जाएगी।(सांकेतिक चित्र)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी