पाकिस्तान के सिंध प्रांत में बस में आग लगने से 18 की मौत, कई घायल

गुरुवार, 13 अक्टूबर 2022 (12:20 IST)
सिंध। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जमशोरो जिले में नूरीबाद के पास यात्री बस में आग लगने से 8 बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हुए हैं। डॉन न्यूज ने पुलिस के हवाले से इस घटना की जानकारी दी है। बस से 18 शव निकाले गए हैं जिनमें से 8 बच्चों, 8 महिलाओं और 2 पुरुषों के शव शामिल हैं।

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार नूरीबाद के उपाधीक्षक (डीएसपी) वाजिद थाहीम ने बुधवार को हुई इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस से 18 शव निकाले गए हैं जिनमें से 8 बच्चों, 8 महिलाओं और 2 पुरुषों के शव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये लोग मुगैरी समुदाय से हैं और कराची से खैरपुर नाथन शाह लौट रहे थे।
 
रिपोर्ट के अनुसार एक अधिकारी ने बताया कि आग कोच की वातानुकूलित प्रणाली में खराबी के कारण लगी। शवों और घायल लोगों को लियाकत यूनिवर्सिटी अस्पताल जमशोरो ले जाया गया है। इस बीच स्वयंसेवक भी बचाव और राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने जमशोरो के उपायुक्त को तुरंत एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचने तथा घायलों को हरसंभव सहायता मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना की जांच रिपोर्ट तलब की है।(सांकेतिक चित्र)
 
Edited by: Ravindra Gupta(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी