हैती में भूकंप से 11 लोगों की मौत, कई इमारतें क्षतिग्रस्त

रविवार, 7 अक्टूबर 2018 (14:13 IST)
पोर्ट-ओ-प्रिंस। हैती के उत्तर पश्चिमी तट पर शनिवार देर रात आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। अमेरिकी भू-गर्भ सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप का केंद्र हैती के उत्तरी तट पर पोर्ट-दे-पै से 19 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में था। कैरीबियाई सरकार के प्रवक्ता एडी जैक्सन एलेक्सिस ने बताया कि अभी तक 11 लोगों के मरने की खबर है। आपदा प्रतिक्रिया कार्यबल का गठन कर दिया गया है।
 
 
भूकंप रात को 8 बजकर 10 मिनट पर आया और इसका केंद्र सतह से 11.7 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस में भी महसूस किए गए जिससे निवासियों के बीच 2010 के भूकंप की यादें ताजा होकर भय व्याप्त हो गया। 2010 में आए जलजले में कम से कम 2,00,000 लोगों की मौत हो गई थी और 30,000 से अधिक घायल हो गए थे।
 
राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस ने टि्वटर पर हैतीवासियों से शांत रहने की अपील की और कहा कि स्थानीय तथा क्षेत्रीय प्रशासन जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं। देश की सिविल सुरक्षा एजेंसी ने शनिवार देर रात कहा कि घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ लोग भूकंप के बाद घबराहट की स्थिति के चलते घायल हुए।
 
सोशल मीडिया पर क्षतिग्रस्त मकानों और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त इमारतों की तस्वीरें पोस्ट की जा रही हैं लेकिन अभी उनकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की गई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी