अंतरिक्ष यात्रियों को ज्यादा पौष्टिक खाना मिलेगा

मंगलवार, 3 अप्रैल 2018 (16:26 IST)
वाशिंगटन। अंतरिक्ष में अंतरिक्षयात्रियों को ज्यादा पौष्टिक और ताजा भोजन उपलब्‍ध कराने के लिए अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अहम कदम उठाया है। नासा ने घरों में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के कंटेनर बनाने वाली कंपनी टपरवेयर से हाथ मिलाया है। इसके चलते कंपनी अब अंतरिक्षयात्रियों को अंतरिक्ष में ताजा आहार मुहैया कराने में मदद करेगी।
 
नासा और घरों में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के कंटेनर बनाने वाली कंपनी टपरवेयर ने अंतरिक्ष स्पेस स्टेशन में पौधे उगाने का बेहतर तरीका खोज निकाला है। सभी जानते हैं कि अंतरिक्ष यात्रियों का हर मिशन चुनौतियों से भरा होता है, इसलिए उन्हें अच्छा और पौष्टिक आहार मिले ताकि उन्हें अधिक ऊर्जा मिले और वे धरती से बाहर तमाम शोध और खोज कर सकें। 
 
उल्लेखनीय है कि नासा के अंतरिक्षयात्री वर्ष 2015 से अपने सप्लीमेंट के साथ वेजिटेबल प्रोडक्शन सिस्टम (वेजी) के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में उगाई सब्जियां भी लेते हैं। अंतरिक्ष में पौधों को उगाने के लिए सबसे बड़ी चुनौती उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी देना है। नासा के एक बयान में कहा गया है कि एयरटाइट कंटेनर बनाने वाली कंपनी टपरवेयर ने अंतरिक्ष में पौधों को पानी देने का एक नया तरीका निकाला है। 
 
वेजी सिस्टम में अंतरिक्ष यात्रियों को प्रत्येक प्लांट पिलो में सीरिंज से पानी भरना पड़ता है। प्लांट पिलो एक प्रकार की थैली होती है, जिसके भीतर कई पौधे होते हैं। वेजी प्रणाली का प्रयोग करके पहले जो पौधे अंतरिक्ष में उगाए गए, उनमें से सबका विकास समान रूप से नहीं हो पा रहा था क्योंकि सभी पौधों को बराबर मात्रा में पानी और ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही थी।
 
लेकिन फ्लोरिडा के नासा कैनेडी स्पेस सेंटर के वेजी प्रोजेक्ट मैनेजर निकोल डूफोर के मुताबिक, पौधे विकसित करने की इस नई पद्धति द पैसिव ऑर्बिटल न्यूट्रियेंट डिलीवरी सिस्टम (पॉन्डस) का मुख्य काम पौधे की समान वृद्धि सुनिश्चित करना है। नासा के शोधकर्ता हॉवर्ड लेवीन ने 2017 की शुरुआत में पीओएनडीएस का डिजाइन और प्रोटोटाइप तैयार किया था। इसके बाद इसे अंतरिक्ष उड़ानों से संबंधित निजी कंपनी टेकशॉट को और सुधार करने के लिए दे दिया गया। टेकशॉट ने कंटेनर कंपनी के साथ मिलकर एक नई प्रणाली तैयार की जो प्लांट पिलो का विकल्प होगी।
 
पॉन्डस यूनिट को इस तरह तैयार किया गया है कि यह पानी के छिड़काव, मौजूद ऑक्सीजन को बढ़ाने और जड़ों को फैलने के लिए जरूरी माहौल बनाने के लिए अंतरिक्ष यान के बेहद हल्के गुरुत्वाकर्षण के प्रभाव को धीमा कर देगी। पॉन्डस सिस्टम में अंतररष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के क्रू को ज्यादा मेहनत नहीं करनी होगी। साथ ही आहार ज्यादा पौष्टिक होगा। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी