Asim Munir provokes India again: तालिबान के हमलों से बौखलाए पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत को उकसाने की कोशिश की है। मुनीर ने कहा कि भारत की किसी भी छोटी सी भी उकसावे की कार्रवाई पर पाकिस्तान उम्मीद से परे और घातक जवाब देगा। हालांकि यह अलग बात है कि पाकिस्तान तालिबान को ही कंट्रोल नहीं कर पा रहा है। तालिबानी लड़ाकों ने ही पाक सैनिकों के छक्के छुड़ा रखे हैं।
क्या कहा मुनीर ने : मुनीर ने एबटाबाद स्थित पाकिस्तानी मिलिट्री अकादमी कलुल में कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की किसी भी कार्रवाई का घातक जवाब देगा। पाक सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान भारत की भौगोलिक विशालता के भ्रम को तोड़ देगा। मुनीर ने दावा किया कि पाकिस्तान को न तो दबाया जा सकता है और न ही धमकाया जा सकता है। हालांकि कुछ समय पहले ही पाकिस्तान को भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर ने घुटने पर ला दिया था। युद्ध रुकवाने के लिए उसे अमेरिका से गुहार लगानी पड़ी थी।
पाकिस्तान को दबाया नहीं जा सकता : मुनीर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच लंबित सभी विवादों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों और अंतरराष्ट्रीय संधियों के तहत सुलझाया जाना चाहिए। मुनीर ने दावा किया कि पाकिस्तान को न दबाया जा सकता है और न धमकाया जा सकता है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है, जब मुनीर ने इस तरह की बयानबाजी की है।
अगस्त 2025 में मुनीर ने अमेरिका के टैम्पा में एक कार्यक्रम में कहा था कि अगर पाकिस्तान के अस्तित्व पर संकट आया तो वह आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाएगा तो पाकिस्तान 10 मिसाइलों से उसे उड़ा देगा। मुनीर के इन बयानों को अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने न्यूक्लियर ब्लैकमेल करार दिया था। इसके बाद उन्होंने इस तरह के बयान का खंडन भी किया था।