दक्षिण कोरिया में विपक्ष के नेता पर हमला, प्रेस कॉन्फ्रेंस में गर्दन पर मारा चाकू

मंगलवार, 2 जनवरी 2024 (08:09 IST)
south korea news : दक्षिण कोरिया में विपक्ष के नेता लीजे म्यूंग पर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला उस समय हुआ जब म्यूंग एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। म्यूंग को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 
म्यूंग बुसान में एक प्रस्तावित हवाई अड्डे का दौरा करने गए थे। वहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों की भीड़ में से निकले एक शख्स ने म्यूंग की गर्दन पर चाकू से वार किए। हमलावर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है। 
 
दक्षिण कोरियाई मीडिया द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में म्यूंग घायल हालत में जमीन पर पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। आसपास भीड़ उनको घेरे हुए थी। खून को बहने से रोकने के लिए उनके गले पर एक रुमाल लगाया गया था।

उल्लेखनीय है कि 8 जुलाई 2022 को जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की जापान के नारा शहर में तब हत्या कर दी गई जब वे एक चौक पर भाषण दे रहे थे। तभी हत्यारे ने उन पर दो गोलियां मारी। आबे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की लेकिन शिंजो आबे बचाये न जा सके। विपक्ष के नेता ली-जे-म्यूंग 2022 में राष्ट्रपति का चुनाव हार गए थे। 
Edited by : Nrapendra Gupta 
Photo courtsey : twitter 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी