BLA attacks Pakistan army : दक्षिण पश्चिमी पाकिस्तान में सुरक्षाबलों को ले जा रही 8 बसों को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने रविवार को निशाना बनाया। हमले की जिम्मेदारी लेते हुए बीएलए ने दावा किया कि इस हमले में 90 पाक सैनिक मारे गए हैं। इधर पाक पुलिस ने इस हमले में 5 अधिकारियों की मौत और 10 के घायल होने की पुष्टि की है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने इस हमले की निंदा की। ALSO READ: पाकिस्तान में लश्कर आतंकी अबू कताल की हत्या, रियासी हमले का था मास्टरमाइंड
प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी की मजीद ब्रिगेड और फतेह ब्रिगेड ने सेना के काफिले पर यह फिदायिन हमला किया। एक फिदायीन विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर सेना के काफिले से टकरा गया। यह हमला उस समय किया गया जब पाकिस्तानी सेना के जवान क्वेटा से कफ्तान जा रहे थे।
स्थानीय पुलिस प्रमुख जफर जमानानी ने बताया कि यह हमला बलूचिस्तान के नौशकी जिले में हुआ। उन्होंने कहा कि विस्फोट से पास मौजूद एक अन्य बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा हताहतों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। इस हमले में कम से कम 5 अधिकारियों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
तेल और खनिज संपदा से समृद्ध बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा और सबसे कम आबादी वाला प्रांत है। बलूचिस्तान के स्थानीय निवासी संघीय सरकार पर लंबे समय से भेदभाव का आरोप लगाते रहे हैं लेकिन पाकिस्तान सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।