रूस अमेरिका के लिए बड़ा खतरा, दक्षिण चीन सागर में उकसा रहा है चीन

गुरुवार, 12 अप्रैल 2018 (11:47 IST)
वाशिंगटन। सीआईए के निदेशक माइक पोम्पेओ ने रूस को अमेरिका के लिए खतरा बताते हुए कहा कि दक्षिण और पूर्वी चीन सागर में चीन के उकसावे जारी हैं और राजनयिक, सैन्य तथा आर्थिक मोर्चे पर अमेरिका के साथ बराबरी करने के लिए सुनियोजित प्रयास कर रहा है। 
 
विदेश मंत्री पद के उम्मीदवार पोम्पेओ ने जोर देकर कहा कि चीन से संबंधित नीति बनाने और उसका पालन करने के केंद्र में विदेश विभाग को होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रूस, ईरान और उत्तर कोरिया समेत विदेश नीति से जुड़े कुछ मुद्दों पर सख्त रूख अपनाने की जरूरत है। 
 
पोम्पेओ ने कहा कि हमारे राजनयिक संबंधों में अमेरिका ने अपनी मजबूत स्थिति को हालांकि पुन: स्थापित किया है लेकिन चीन राजनयिक, सैन्य और आर्थिक मोर्चे पर अमेरिका से प्रतिस्पर्धा करने के लिए अपने संगठित और सुनियोजित प्रयासों को जारी रखे हुए हैं। 
 
उन्होंने कहा कि वर्षों से चीन आईपी चोरी और प्रतिरोधी प्रौद्योगिकी स्थानांतरण के रास्ते अमेरिका की कमजोर व्यापार नीति का इस्तेमाल करता रहा है और उसने हमारी अर्थव्यवस्था से धन और गोपनीय जानकारियां प्राप्त की हैं। सैन्य मोर्चे पर वह दक्षिण और पूर्वी चीन सागर, साइबरस्पेस और यहां तक कि अंतरिक्ष में भी उकसावे जारी रखे हुए है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी