वेनिस में तीसरी बार विनाशकारी बाढ़ का खतरा, 1 अरब यूरो के नुकसान की आशंका

रविवार, 17 नवंबर 2019 (20:29 IST)
वेनिस। विश्व धरोहर सूची में शामिल वेनिस शहर के मशहूर सेंट मार्क चौक को रविवार को एक हफ्ते में तीसरी बार बाढ़ आने की आशंका के मद्देनजर बंद कर दिया गया। इटली के फ्लोरेंस और पीसा शहरों पर भी भारी बारिश की वजह से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

वेनिस के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को शहर में 160 सेंटीमीटर (5 फीट से ज्यादा) पानी आ सकता है। यह मंगलवार को शहर में घुसे 187 सेंटीमीटर पानी आने से कम है, फिर भी खतरनाक स्तर है।

वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने ट्वीट किया आज के ज्वार के लिए अधिकतम सतर्कता बरती जा रही है। उनके मुताबिक वेनिस में खारा पानी घुसने से करीब एक अरब यूरो का नुकसान होने की आशंका है।

ब्रुगनारो ने कहा, सेंट मार्क चौक बंद किया गया है, सुरक्षा पहली प्राथमिकता। शहर में पहले ही पानी घुसना शुरू हो गया है और प्रशासन ने आपातकाल घोषित किया है।

इस बीच इटली में हो रही बारिश और अरनो नदी में बढ़े जल स्तर के कारण ऐतिहासिक शहरों पीसा और फ्लोरेंस पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। उल्लेखनीय है कि अरनो नदी में 1966 में आई बाढ़ की वजह से करीब 100 लोगों की मौत हुई थी और हजारों बहुमूल्य कलाकृतियां नष्ट हो गई थीं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी