पाकिस्तान में विस्फोट, मेजर सहित 6 सैनिकों की मौत

शनिवार, 9 मई 2020 (17:01 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तान-ईरान सीमा पर बम विस्फोट में पाकिस्तान सेना के एक मेजर और 5 सैनिकों की मौत हो गई। फ्रंटियर कोर के सुरक्षाबल पाकिस्तान-ईरान सीमा पर बलूचिस्तान के पास बुलेदा क्षेत्र में नियमित गश्त के बाद लौट रहे थे।

सेना की मीडिया शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने शुक्रवार देर रात एक बयान जारी कर बताया कि फ्रंटियर कोर के सुरक्षाबल पाकिस्तान-ईरान सीमा पर बलूचिस्तान के पास बुलेदा क्षेत्र में नियमित गश्त के बाद लौट रहे थे, तभी उनका वाहन रिमोट से नियंत्रित शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण (आईईडी) की चपेट में आ गया। विस्फोट में सेना का एक मेजर और पांच सैनिक मारे गए तथा एक सैनिक घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त बयान जारी कर विस्फोट की जिम्मेदारी ली है लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान शुरुआत से ही बलूचिस्तान में विद्रोह का सामना कर रहा है क्योंकि बलोच संगठनों के लोग बलूचिस्तान को शुरू से ही अलग राष्ट्र बनाना चाहते हैं।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी