इनमें 9 न्यूक्लियर साइंटिस्ट और 20 से ज्यादा ईरानी कमांडर्स शामिल थे। ईरान ने भी शुक्रवार रात इजराइली हमले के तुरंत बाद पलटवार किया और इजराइल पर 150 से ज्यादा मिसाइलें दागीं। इनमें 6 राजधानी तेल अवीव में गिरीं। आखिर इन दोनों देशों में क्यों हो रहा है तनाव और दोनों देशों के तनाव का भारत पर क्या होगा असर-
आखिर क्यों एक-दूसरे पर हमला करते हैं दोनों देश
देनों देशों के बीच दुश्मनी दशकों पुरानी है। दुश्मनी की जड़ें धार्मिक, राजनीतिक और सामरिक मतभेदों में हैं। इजरायल, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को अपने अस्तित्व के लिए खतरा मानता है। ईरान हमास और हिजबुल्लाह जैसे समूहों को समर्थन देता है, जो इजराइल के खिलाफ हमले करते हैं। 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में 1200 इजराइली मारे गए थे। हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव अधिक बढ़ा है। ईरान इजराइल पर क्षेत्रीय अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाता है। उसका कहना है कि इजराइल उसके ठिकानों पर हमले करता है, जैसे दमिश्क में 2024 का हमला, जिसमें ईरानी कमांडर मारे गए।
परमाणु बम को नष्ट करने के लिए हमला
दूसरी तरफ इजराइल का दावा है कि ईरान कुछ ही दिनों में 15 परमाणु बम बना सकता है और इसे रोकना जरूरी था। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू कहा कहना है कि हमारे हमले परमाणु ठिकानों को नष्ट करने के लिए हैं, ताकि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोका जा सके।
दोनों देशों के युद्ध के भारत पर क्या होगा असर
इजराइल और ईरान दोनों देशों के साथ भारत की दोस्ती है। इजराइल से भारत को हथियार, ड्रोन, मिसाइल डिफेंस सिस्टम और साइबर सुरक्षा तकनीक मिलती है, तो ईरान तेल आपूर्तिकर्ता है। भारत अपनी 85% तेल की जरूरत आयात से पूरी करता है। इजराइल और ईरान में युद्ध हुआ तो भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें और महंगाई दोनों बढ़ेगी।
भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा पर भी पड़ेगा असर
इसके अलावा भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (IMEC) भारत की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो गुजरात के कांडला बंदरगाह से यूएई, सऊदी अरब और इजराइल होते हुए यूरोप तक व्यापार को आसान बनाएगी। दोनों देशों के बीच युद्ध की स्थिति में इस परियोजना की समयसीमा बिगड़ सकती है। रूस और चीन जैसे देश अगर ईरान के साथ खड़े हो गए तो वैश्विक ध्रुवीकरण बढ़ेगा। ये युद्ध वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर सकता है। इससे वर्ल्ड वॉर का खतरा भी बढ़ेगा। इनपुट एजेंसियां Edited by: Sudhir Sharma