LIVE: अमेरिका के मिनेसोटा में गोलीबारी, 2 सांसदों की मौत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 14 जून 2025 (22:44 IST)
Latest News Today Live Updates in Hindi : अमेरिका के मिनेसोटा में 2 सांसदों को गोली मारी। इस गोलीबारी में जिन 2 जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया गया, वे हैं प्रांतीय सीनेटर जॉन हॉफमैन और प्रांतीय प्रतिनिधि मेलिसा हॉर्टमैन। इस हमले में मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति की मौत हो गई।

ऑपरेशन राइजिंग लॉयन : ईरान में परमाणु स्थलों को निशाना बनाकर किए गए इजरायली हमलों के बाद तनाव बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार इस हमले में ईरान के 78 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 320 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं ईरान के जवाबी हमले पर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा कि उनकी और से हमला जारी रहेगा और ईरानी परमाणु स्थल को निशाना बनाया जाएगा।

इस बीच यूएन ने दखल दिया है। यूएन ने कहा है कि बहुत हो गया अब हमले रोकने होंगे। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य हमलों की अनुमति छह महीने पहले नवंबर 2024 में दे दी गई थी और शुरू में इन्हें अप्रैल 2025 के लिए निर्धारित किया गया था। इन हमलों को ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन' नाम दिया गया है।

वहीं ईरान से कुछ वीडियो भी सामने आ रहे हैं, जिसमें ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम इजराइल के हमलों को रोकता दिखा है। वहीं ईरान के मिसाइल हमले के बाद पूरे इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे हैं। पूरे यरुशलम में विस्फोटों की गड़गड़ाहट सुनी जा सकती है और इजरायल के टीवी स्टेशनों ने मिसाइल हमले के बाद तेल अवीव में धुएं के गुबार उठते दिखाए हैं। हताहतों को लेकर तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।


10:49 PM, 14th Jun
अमेरिका के मिनेसोटा में 2 सांसदों को शनिवार तड़के उनके घरों में गोली मारी गई। इस गोलीबारी में 2 जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया गया, वे हैं प्रांतीय सीनेटर जॉन हॉफमैन और प्रांतीय प्रतिनिधि मेलिसा हॉर्टमैन। इस हमले में मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति की मौत हो गई।

यह जानकारी चैम्पलिन शहर के मेयर ने दी। जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि संदिग्ध व्यक्ति स्वयं को कानून प्रवर्तन अधिकारी बता रहा था। व्यक्ति ने कहा कि जांचकर्ता अभी भी हमले के मकसद का पता लगाने पर काम कर रहे हैं और जांच अभी शुरुआती चरण में है। गवर्नर टिम वाल्ज ने कहा कि गोलीबारी लक्षित थी।

01:44 PM, 14th Jun
-राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने कहा- नीट-यूजी (NEET-UG) मेडिकल प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में 12.36 लाख से अधिक उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए। राजस्थान के महेश कुमार मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में शीर्ष पर रहे, जबकि मध्यप्रदेश के उत्कर्ष अवधिया दूसरे स्थान पर। लड़कियों में दिल्ली की अविका अग्रवाल शीर्ष पर, देशभर में पांचवीं रैंक हासिल की। अधिकतम उत्तीर्ण अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश से, जबकि उसके बाद महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा अभ्यर्थी सफल रहे। 
 
-ईरान ने इजराइली हमलों में दो और शीर्ष सैन्य जनरलों के मारे जाने की पुष्टि की।

01:27 PM, 14th Jun
अमेरिका से बात करने का अब कोई अर्थ नहीं : ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि देश पर इजराइली हमलों के बाद अमेरिका के साथ आगामी परमाणु वार्ता ‘निरर्थक’ है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई की टिप्पणियों से दोनों देशों के बीच रविवार को ओमान में होने वाली वार्ता पर संदेह के बादल मंडराने लगे हैं। खबर में बाघेई के हवाले से कहा गया कि अमेरिका ने ऐसा काम किया है कि बातचीत का कोई अर्थ नहीं बचा। उन्होंने कहा कि इजराइल ने अपने हमलों के जरिए ‘आपराधिक कृत्य’ करके सभी लक्ष्मण रेखाएं पार कर दी हैं। हालांकि, उन्होंने यह कहने से परहेज किया कि वार्ता रद्द कर दी गई है।

12:37 PM, 14th Jun
प्लेन हादसे में अब तक 275 की मौत : अहमदाबाद में प्लेन क्रैश वाली जगह से शनिवार को एक और शव बरामद हुआ है। आज जब बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल से मलबा हटाया जा रहा था, तब विमान की टेल में फंसा हुआ था, जिसे नीचे उतारा। बाद में इसका पोस्टमॉर्टम हुआ है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह शव एयर होस्टेस का हो सकता है। उधर, आज भी मारे गए लोगों की DNA सैंपलिंग का काम जारी है। सिविल अस्पताल के बाहर परिजन की भीड़ है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम है। पोस्टमॉर्टम यूनिट के आसपास बाहरी लोगों की एंट्री बंद है। सिविल अस्पताल में अब तक 270 से ज्यादा शवों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है। इसके अलावा, 230 लोगों की DNA सैंपलिंग की जा चुकी है। 8 शवों की शिनाख्त हो गई है।

11:55 AM, 14th Jun
क्या Air India crash एक साइबर हमला था : शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं कोई विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन अहमदाबाद में उड़ान भरने के 30 सेकंड के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया विमान की घटना के बारे में गंभीर सवाल हैं। क्या किसी दुश्मन देश की ओर से विमान की प्रणाली पर कोई साइबर हमला किया गया था? संजय राउत ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रखरखाव विमानन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बारे में कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'जब बोइंग डील हुई थी, तब भाजपा इसके खिलाफ थी और उस समय प्रफुल्ल पटेल नागरिक उड्डयन मंत्री थे। लोग अब हवाई यात्रा करने से डरते हैं। विमानन क्षेत्र के लिए रखरखाव सबसे महत्वपूर्ण है। अहमदाबाद के रखरखाव का ठेका किसके पास है? इसके लिए अहमदाबाद को ही क्यों चुना गया? अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली फ्लाइट के साथ दुर्घटना क्यों हुई? विमान के मलबे पर जिस तरह से मंत्री व्यवहार कर रहे थे, वह वाकई दुखद है।'

11:25 AM, 14th Jun
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री की अहम बैठक : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु आज सुबह 10:30 बजे मंत्रालय कार्यालय में हवाई सुरक्षा पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बीच डीएनए नमूने एकत्र करने का काम जारी है। अहमदाबाद से घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया, जहां 12 जून को 242 यात्रियों (चालक दल के सदस्यों सहित) को ले जा रहा AI-171 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की इस हादसे में मृत्यु हो गई।

10:48 AM, 14th Jun
पहले 3 जून को लंदन जाने वाले थे विजय रुपाणी लेकिन : लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान, बृहस्पतिवार दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद मेघाणी नगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी थे। सामने आई जानकारी के अनुसार विजय रुपाणी का यह तीसरा टिकट था। दरअसल लुधियाना में उपचुनाव हो रहा था। ऐसे में उन्होंने 3 जून को टिकट कैंसिल करवाया था। उसके बाद वो 10 को जाने वाले थे। लेकिन फिर कैंसल करवा। फिर उन्होंने 12 तारीख को प्लेन का टिकट बुक करवाया और ये प्लेन हादसे का शिकार हो गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी