पाकिस्तान में भारतीय मछुआरे की मौत, श्रीलंका ने 11 पकड़े

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 27 मार्च 2025 (22:36 IST)
Indian fishermans News : पाकिस्तान के कराची स्थित मलीर जेल में भारतीय मछुआरे ने आत्महत्या कर ली। एक जेल अधिकारी ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान और भारत की सरकारें सद्भावना के तौर पर नियमित रूप से कैदियों, ज़्यादातर ग़रीब मछुआरों की अदला-बदली करती रही हैं। वहीं श्रीलंकाई नौसेना ने इस द्विपीय देश के जलक्षेत्र में अवैध तरीके से मछलियां पकड़ने के आरोप में बृहस्पतिवार को भारत के 11 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में मछुआरों का मुद्दा एक विवादास्पद विषय है।
 
पाकिस्तान के कराची स्थित मलीर जेल में भारतीय मछुआरे ने आत्महत्या कर ली। एक जेल अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जेल अधीक्षक अरशद हुसैन ने बताया, गौरव राम आनंद ने मंगलवार रात उस बैरक के शौचालय में रस्सी से फंदा लगा लिया, जहां भारतीय मछुआरों को रखा जाता है।
ALSO READ: श्रीलंकाई नौसेना ने 32 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, तमिलनाडु के CM स्टालिन ने केंद्र से की यह अपील
जेल अधीक्षक के अनुसार, मंगलवार रात करीब ढाई बजे जेल के चिकित्सकों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया और उसके शव को ईधी ट्रस्ट के शवगृह में रखवाया है, जहां अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव उसके परिजन को सौंप दिया जाएगा।
 
आनंद को पाकिस्तान के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद फरवरी 2022 से वह मलीर जेल में बंद था। पाकिस्तान और भारत की सरकारें सद्भावना के तौर पर नियमित रूप से कैदियों, ज़्यादातर ग़रीब मछुआरों की अदला-बदली करती रही हैं। फरवरी 2022 में मलीर जेल से रिहा होने के बाद भारतीय मछुआरों को वाघा सीमा पर भारतीय प्राधिकारियों को सौंप दिया गया था।
ALSO READ: 13 भारतीय मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना की फायरिंग, 5 घायल, 2 की हालत नाजुक, MEA ने उच्चायुक्त को किया तलब
हुसैन ने कहा कि जेल में सजा काट रहे अधिकांश भारतीय मछुआरे गुजरात के गिर सोमनाथ क्षेत्र के हैं। ईधी फाउंडेशन, अंसार बर्नी वेलफेयर ट्रस्ट और सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 190 भारतीय मछुआरे अभी भी पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं।
 
श्रीलंकाई नौसेना ने किया 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार : श्रीलंकाई नौसेना ने इस द्विपीय देश के जलक्षेत्र में अवैध तरीके से मछलियां पकड़ने के आरोप में बृहस्पतिवार को भारत के 11 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। नौसेना ने कहा कि ये गिरफ्तारियां डेल्फ़्ट द्वीप के उत्तरी समुद्री क्षेत्र में ‘विशेष अभियान’ के दौरान की गईं।
ALSO READ: पाकिस्तानी जेलों में 7 भारतीय मछुआरों की मौत, 209 अभी भी हिरासत में
बयान में कहा गया कि 11 मछुआरों को कांकेसंथुरई बंदरगाह लाया गया और कानूनी कार्यवाही के लिए उन्हें मैलाडी के मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया जाएगा। ऐसे क्षेत्रों में दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे के जलक्षेत्र में प्रवेश करने के कारण अक्सर गिरफ्तार किया जाता है।
 
भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में मछुआरों का मुद्दा एक विवादास्पद विषय है, यहां तक ​​कि श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी की और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कई कथित घटनाओं में उन मछुआरों की नौकाओं को जब्त भी किया। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी