सुशीला कार्की के पति ने किया था प्लेन हाईजैक, इन दिग्गजों का मिला था साथ

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 13 सितम्बर 2025 (12:21 IST)
Nepal News in Hindi : नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की 6 माह तक अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभालेगी। उनके पति दुर्गा प्रसाद सुबेदी का कोइराला परिवार से करीबी संबंध है। उनका नाम 1973 में हुए एक प्लेन हाईजैक में भी शामिल था। इसके लिए उन्हें 2 साल की जेल भी हुई थी। ALSO READ: सुशीला कार्की को नेपाल की कमान, 6 माह में चुनाव कराने का ऐलान
 
सुशीला कार्की की दुर्गा प्रसाद से मुलाकात उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। सुशीला कार्की के पति ने जिस प्लेन को हाइजैक किया था, उसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस माला सिन्हा भी सवार थीं।
 
क्या है विमान अपहरण की कहानी : 10 जून 1973 को नेपाल के विराटनगर से एक विमान काठमांडू जा रहा था। उसमें सरकार के 30 लाख रुपए थे। नेपाली कांग्रेस के 3 सदस्यों दुर्गा प्रसाद सुबेदी, नागेंद्र धुंगेल और बसंत भट्टाराई ने इस 19 सीटों वाले विमान का अपहरण कर लिया। नेपाल के इस पहले विमान अपहरण की साजिश गिरिजा प्रसाद कोइराला ने रची थी। वह बाद में नेपाल के प्रधानमंत्री बने।
 
क्या था विमान अपहरण का मकसद : सुबेदी उस समय कोइराला के करीबी सहयोगियों में से एक थे। उन्होंने नेपाल के राजा महेंद्र के अधीन राजशाही के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष के लिए धन जुटाने के लिए इस विमान का अपहरण किया था। चालक दल के साथ झड़प के बाद अपहरणकर्ताओं ने विमान को बिहार के फारबिसगंज में एक घास वाली पट्टी पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया। वहां सुशील कोइराला समेत 5 अन्य षड्यंत्रकारी पहले से मौजूद थे। उन्होंने नकदी ले ली और यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
 
इसके बाद अन्य यात्रियों को लेकर विमान फिर से उड़ान भर गया। इस नकदी को सड़क मार्ग से दार्जिलिंग पहुंचाया गया। एक साल के अंदर ही धुंगेल को छोड़कर समूह के सभी सदस्यों को भारत में अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया। सुबेदी और अन्य को 2 साल की जेल हुई। 1975 में आपातकाल के दौरान उन्हें रिहा कर दिया गया।
 
दुर्गा प्रसाद ने इस घटना पर विमान विद्रोह के नाम से किताब भी लिखी थी। इस घटना में शामिल सुशील कोइराला ने भी बाद में नेपाल की कमान संभाली। अब दुर्गा प्रसाद की पत्नी देश की अंतरिम प्रधानमंत्री है।
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी