चीन में नए वायरस से एक की मौत, क्‍या है H3N8 बर्ड फ्लू और कैसे फैलता है?

मंगलवार, 11 अप्रैल 2023 (13:43 IST)
बीजिंग। कोरोना संक्रमण के बाद अब चीन में नए वायरस से लोगों में दहशत है। चीन में अब H3N8 नाम का नया वायरस फैल रहा है। चीनी मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक H3N8 नामक बर्ड फ्लू वायरस से एक शख्‍स की मौत की खबर है। बताया जा रहा है कि दक्षिणी चीन के झोंगशान शहर में 56 वर्षीय एक महिला H3N8 बर्ड फ्लू से संक्रमित हो गई थी, जिसने सोमवार को दम तोड़ दिया।

डब्‍लूएचओ (विश्व स्वास्थ्य संगठन) के मुताबिक H3N8 एवियन इन्फ्लूएंजा से किसी इंसान की यह पहली मौत है। पिछले साल इंसानों में इस संक्रमण के दो और मामले सामने आए थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी की गई जानकारी के मुताबिक महिला को गंभीर निमोनिया के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। उसे मायलोमा (कैंसर) सहित स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं थीं।

कैसे हुआ संक्रमण : डब्‍लूएचओ के मुताबिक महिला को संक्रमण होने से पहले वो एक पशु बाजार के पोल्ट्री के संपर्क में थी। जब मेडिकल टीम ने उस बाजार से एकत्र किए तो उसमें एच3 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस पाए गए थे, जबकि उसके घर पर लिए गए सैंपल नेगेटिव आए हैं।

क्‍या है ये नया वायरस : H3N8 फ्लू वायरस आमतौर पर पक्षियों में पाया जाता है, हालांकि यह घोड़ों में भी पाया गया है और यह उन दो विषाणुओं में से एक है जो डॉग फ्लू पैदा करने में सक्षम हैं। चीन में सामने आया नया मामला मनुष्यों में संक्रमण का केवल तीसरा और किसी वयस्क के संक्रमित होने का पहला मामला है। पहली बार इस वायरस से किसी इंसान की मौत हुई है।

वर्ष 2022 में पहली बार मनुष्यों में H3N8 वायरस फैलने की पुष्टि हुई थी। इससे पहले शोधकर्ताओं का मानना था कि वायरस के पिछले तनाव के कारण 1889 की महामारी हो सकती है, जिसे ‘एशियाटिक फ्लू’ या ‘रशियन फ्लू’ के रूप में भी जाना जाता है।

संक्रमित जानवरों से होता है एवियन फ्लू : एवियन इन्फ्लूएंजा मुख्य रूप से जंगली पक्षियों और मुर्गियों में होता है, इंसानों में इसका मिलना हालांकि दुर्लभ है। US Centre For Disease Control के मुताबिक बर्ड फ्लू के H5N1 और H7N9 स्ट्रेन 1997 और 2013 में पाए गए थे, ये इंसानों में एवियन इन्फ्लूएंजा के मामलों के लिए जिम्मेदार हैं। WHO के मुताबिक ये इन्फ्लूएंजा इंसानों में संक्रमित जानवरों या प्रदूषित वातावरण में आने से होता है, लेकिन इंसानों में इस वायरस के फैलने की संभावना कम होती है।

किन जानवरों में पाया जाता है : H3N8 एवियन फ्लू कुत्तों, घोड़ों, बत्तखों, मुर्गों और बिल्लियों को संक्रमित करता है। 2002 में पहली बार H3N8 एवियन फ्लू उत्तर अमेरिका में बत्तख और हंस में मिला था।
Edited: By Navin Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी