PM मोदी को व्लादिमीर पुतिन ने सरकारी आवास पर दिया डिनर, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या हुई बात

मंगलवार, 9 जुलाई 2024 (00:22 IST)
Putin to host private dinner for PM Modi, Russian artistes to perform Garba : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपने सरकारी आवास ‘नोवो-ओगरियोवो’ पर एक ‘निजी मुलाकात’ के तहत स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह दो करीबी मित्रों और विश्वसनीय साझेदारों की बैठक थी।’’
 
5 साल में पहली रूस यात्रा : करीब 5 साल में यह पीएम मोदी की पहली रूस यात्रा है। पिछली बार 2019 में उन्होंने रूस की यात्रा की थी। भारत और रूस में अभी तक बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं। आखिरी शिखर सम्मेलन छह दिसंबर 2021 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आए थे।
ALSO READ: नरेन्द्र मोदी का रूस दौरा पश्चिम के लिए क्या मायने रखता है?
मित्र कहकर पुकारा : मोदी स्थानीय समय के अनुसार करीब 7 बजे नोवो ओगारेवो पहुंचे। पुतिन द्वार पर ही उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे। मोदी के पहुंचने पर पुतिन ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और गले मिले। इसके बाद दोनों अंदर चले गए। पुतिन ने प्रधानमंत्री को 'परम मित्र' कह कर पुकारा और सबसे पहले चाय पर चर्चा की।
 
क्या हुई बातचीत : सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री  मोदी की इस यात्रा का फोकस आर्थिक एजेंडे पर है जिसमें ऊर्जा, व्यापार, विनिर्माण और उर्वरक शामिल हैं। दोनों नेताओं ने इन क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। सूत्रों ने यह भी बताया कि बातचीत में प्रधानमंत्री ने यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में इस बात पर भी जोर दिया कि युद्धभूमि में कोई समाधान नहीं निकाला जा सकता है। इसलिए संवाद और कूटनीति के रास्ते पर चलने की कोशिश की जानी चाहिए।
दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए मंत्रालय ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘निजी मुलाकात’ के लिए नोवो-ओगरियोवो स्थित अपने सरकारी आवास पर स्वागत किया। इसने कहा कि यह दोनों नेताओं के लिए भारत-रूस मैत्री का जश्न मनाने का अवसर है।
 
यूक्रेन पर मॉस्को का आक्रमण शुरू होने के बाद रूस की पहली यात्रा के तहत यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मंगलवार को शिखर वार्ता करेंगे। इस यात्रा को व्यापक भू-राजनीतिक संदर्भ और संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
 
मॉस्को पहुंचने के तुरंत बाद मोदी ने कहा कि वह भविष्य के क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के लिए उत्सुक हैं और भारत और रूस के बीच मजबूत संबंधों से ‘हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा।’ प्रधानमंत्री ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि भारत शांतिपूर्ण और स्थिर क्षेत्र के लिए ‘‘सहायक भूमिका’’ निभाना चाहता है। 
वार्षिक शिखर सम्मेलन : दोनों नेता मंगलवार को व्यापक वार्ता करेंगे। शीर्ष रूसी अधिकारियों के अनुसार इस वार्ता में दोनों नेताओं के अलावा प्रतिनिमंडल भी शामिल होंगे। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा कि दोपहर में, पुतिन और मोदी बातचीत शुरू करेंगे। हम उम्मीद करते हैं कि यह निजी बातचीत होगी, साथ ही आधिकारिक नाश्ते पर रूस-भारत वार्ता भी होगी।’’ मंगलवार को मोदी राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। इनपुट एजेंसियां

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी