जापान में शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी, जानिए क्‍या है तीव्रता...

बुधवार, 16 मार्च 2022 (22:18 IST)
टोक्यो। उत्तरी जापान में फुकुशिमा के तट पर बुधवार शाम 7.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके चलते सुनामी की चेतावनी जारी की गई। मियागी और फुकुशिमा प्रांतों के कुछ हिस्सों में एक मीटर तक समुद्री लहरें उठने की चेतावनी दी है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र समुद्र में 60 किलोमीटर की गहराई में था। यह क्षेत्र उत्तरी जापान का हिस्सा है, जो 2011 में नौ तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप और सुनामी से तबाह हो गया था। भूकंप के कारण परमाणु आपदा भी आई थी। वर्ष 2011 में आई आपदा के 11 साल पूरे होने के कुछ दिनों बाद यह भूकंप आया है।

मौसम विज्ञान एजेंसी ने मियागी और फुकुशिमा प्रांतों के कुछ हिस्सों में एक मीटर तक समुद्री लहरें उठने की चेतावनी दी है। ‘एनएचके नेशनल टेलीविजन’ ने कहा कि कुछ इलाकों में सुनामी पहुंच चुकी है।

फुकुशिमा दाइची परमाणु संयंत्र का संचालन करने वाली टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी होल्डिंग्स ने कहा कि कर्मचारी किसी भी संभावित नुकसान का पता लगा रहे हैं। पिछली त्रासदी में परमाणु संयंत्र का कूलिंग सिस्टम तथा अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा था।

टोक्यो समेत पूर्वी जापान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। फिलहाल जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी