लाखों की ब्रा लेकर फरार हुईं महिलाएं पकड़ी गईं

गुरुवार, 15 मार्च 2018 (17:38 IST)
फॉलसम, कैलिफॉर्निया। अमेरिका के फॉलसम, कैलिफॉर्निया में दो महिलाओं को विक्टोरियाज सीक्रेट लॉंजरी से 11 हजार डॉलर (करीब 7 लाख रुपए मूल्य) की ब्रा चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जब स्टोर की एक महिला कर्मचारी ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो वे उस पर पेपर स्प्रे छिड़क कर भाग गईं। बाद में, एक सतर्क पुलिसकर्मी ने इन दोनों को गिरफ्‍तार कर लिया।
 
गिरफ्तार महिलाओं में 22 साल की ब्लैंका थालिया क्विंतेरो (रिचमोंड) और 19 साल की एंटाने लैस्टर वेल्श (पिट्‍सबर्ग) शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रात 8 बजे से थोड़ा पहले विक्टोरियाज सीक्रेट इलाके से एक कॉल आया और महिलाओं की शिकायत की गई। पुलिस ने बताया कि जब स्टोर कर्मचारी ने इन महिलाओं को रोकने की कोशिश की तो क्विंतेरो ने उसपर पेपर स्प्रे छिड़क कर भागना चाहा। 
 
हालांकि, कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि दोनों महिलाएं किस रास्ते से भागी हैं और फिर ऑफिसर ने उनको पकड़ लिया। 
 
पुलिस ने स्टोर से चोरी किए गए कपड़े अपने कब्जे में ले लिए हैं। साथ ही महिलाओं के पास से पेपर स्प्रे भी मिला है। दोनों पर डकैती और साजिश रचने के आरोप भी लगे हैं। पुलिस के मुताबिक, क्विंतेरो पर अपराध के लिए आंसू गैस इस्तेमाल करने और गैरकानूनी रूप से आंसू गैस अपने पास रखने का भी आरोप है। 
 
क्विंतेरो के खिलाफ सैन मटेओ काउंटी में भी चोरी के इलजाम में एक गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया जा चुका है। जबकि वेल्श के पास से सौ डॉलर का नकली नोट भी बरामद किया गया। दोनों महिलाओं को सेक्रामेंटों काउंटी जेल में भेज दिया गया है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी