हिमस्खलन में 100 से ज्यादा पाक सैनिक दबे

रविवार, 8 अप्रैल 2012 (00:18 IST)
FILE
सियाचिन सेक्टर में भारतीय सीमा से लगे एक पाकिस्तानी सैन्य अड्डे के शनिवार की सुबह भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ जाने से 100 से ज्यादा सैनिक बर्फ में दब गए।

सैनिकों की तलाश में व्यापक अभियान शुरू किया गया है। हेलिकॉप्टरों, बुलडोजरों और खोजी कुत्तों की मदद से बर्फ के नीचे दबे सैनिकों की तलाश की जा रही है। सरकारी रेडियो पाकिस्तान ने सेना के मीडिया प्रकोष्ठ के हवाले से कहा कि कुछ सैनिकों के शव बर्फ से निकाले गए हैं। हालांकि यह नहीं बताया गया कि कितने शव निकाले गए हैं।

कुछ खबरों में कहा गया है कि 135 से 150 सैनिक हिमस्खलन से प्रभावित हुए हैं। हालांकि इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब पौने छह बजे सिया‍चिन के ज्ञारी क्षेत्र में स्थित बटालियन मुख्यालय इस भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ गया। बचाव कार्य पूरा होने में समय लगने की बात की गई है।

सेना के प्रमुख प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने मीडिया से कहा कि हिमस्खलन में नार्दन लाइट इंफैंट्री के 100 से अधिक सैनिक फंस गए। इनमें एक कर्नल भी शामिल हैं।

क्षेत्र में राहत कार्य में मदद के लिए हेलिकॉप्टर, खोजी कुत्ते और अतिरिक्त सैनिक भेजे गए हैं। घटना के समय सैनिक सो रहे थे। ज्ञारी स्थित बटालियन मुख्यालय में एक समय करीब तीन हजार सैनिक तैनात थे। जम्मू कश्मीर सीमा पर संघर्षविराम होने के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने सैनिकों की संख्या में कटौती की थी।

सियाचिन ग्लेशियर विश्व का सबसे अधिक ऊंचा और शीत युद्धक्षेत्र है। इस क्षेत्र में जितने सैनिक संघर्ष में नहीं मारे गए, उससे अधिक खराब मौसम के चलते मारे गए हैं। पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें