IPL 2020 : दिल्ली का दिल तोड़कर मुंबई इंडियंस छठी बार खेलेगी IPL का फाइनल मुकाबला

शुक्रवार, 6 नवंबर 2020 (00:17 IST)
दुबई। फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (51) और ईशान किशन (नाबाद 55) के शानदार अर्धशतकों तथा हार्दिक पांड्या की नाबाद 37 रन की तूफानी पारी के बाद जसप्रीत बुमराह (Jaspreet Bumrah और ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने दिल्ली कैपिटल्स Delhi Capitals) को आईपीएल (IPL 2020) के पहले क्वालीफायर में गुरुवार को एकतरफा अंदाज में 57 रन से हराकर छठी बार फाइनल में जगह बना ली।
 
गत चैंपियन और 4 बार की विजेता मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर बनाया और दिल्ली को 20 ओवर में 8 विकेट पर 143 रन पर रोक दिया। मुंबई ने इस तरह छठी बार फाइनल में जगह बना ली। मुंबई ने इससे पहले 2010, 2013, 2015, 2017 और 2019 में फाइनल में जगह बनाई थी। 
 
बुमराह ने तोड़ा भुवनेश्वर का रिकॉर्ड : मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी के तुरुप के पत्ते जसप्रीत बुमराह ने 14 रन पर 4 विकेट और बोल्ट ने 9 रन पर 2 विकेट झटके। बुमराह ने इसके साथ ही इस सत्र में अपने विकेटों की संख्या 27 पहुंचा दी और भुवनेश्वर कुमार का एक सत्र में सर्वाधिक 26 विकेट लेने का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया।
 
दिल्ली को मिलेगा एक और मौका : दिल्ली के लिए इस हार के बाद पहली बार फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद अभी समाप्त नहीं हुई है। दिल्ली 8 नवम्बर को होने वाले दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगी और इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 10 नवम्बर को होने वाले फाइनल में मुंबई से टक्कर लेगी।

0 पर ही दिल्ली ने 3 विकेट गंवा दिए थे : 200 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने 1.2 ओवर में 0 पर ही 3 विकेट खो दिए थे। देखा जाए जो दिल्ली 4 ओवर में पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन और कप्तान श्रेयस अय्यर को 20 रन तक गंवाने पर ही मुकाबला हार गई थी। मार्कस स्टोइनिस ने 65 रन बनाकर सिर्फ दिल्ली की हार का अंतर कम किया। स्टोइनिस का इस सत्र का यह तीसरा अर्धशतक था लेकिन वह मुंबई को नहीं रोक सके। मुंबई ने दिल्ली को लीग मैचों में दोनों बार हराया था।
 
हार्दिक पांड्‍या ने उड़ाए 5 छक्के : मुंबई की पारी में सूर्यकुमार यादव ने 38 गेंदों पर 51 रन में छह चौके और दो छक्के लगाए। किशन ने 30 गेंदों पर नाबाद 55 रन में चार चौके और तीन छक्के लगाए जबकि हार्दिक ने मात्र 14 गेंदों पर नाबाद 37 रन में पांच छक्के उड़ाए। हार्दिक और किशन ने छठे विकेट के लिए मात्र 23 गेंदों पर 60 रन की तूफानी अविजित साझेदारी की। ओपनर क्विंटन डी कॉक ने 25 गेंदों पर 40 रन में 5 चौके और एक छक्का लगाया।
 
रोहित शर्मा खाता भी नहीं खोल पाए : इससे पहले दिल्ली ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। दिल्ली को पहली सफलता जल्द ही मिल गयी जब अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा को पगबाधा कर दिया। रोहित का खाता नहीं खुला और मुंबई का पहला विकेट 16 रन पर गिरा।
ALSO READ: IPL 2020 : दिल्ली को 57 रन से हराकर 4 बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस IPL के फाइनल में
पावरप्ले में मुंबई ने ठोंके 63 रन : क्विंटन डी कॉक और सूर्य ने इसके बाद बेहतरीन शॉट्स खेले। दोनों ने काफी तेजी से बल्लेबाजी की और मुंबई ने छह ओवर के पॉवरप्ले में 63 रन ठोक डाले। अश्विन ने डी कॉक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। डी कॉक का कैच शिखर धवन ने लपका। डी कॉक ने 25 गेंदों पर 40 रन में 5 चौके और 1 छक्का लगाया।
 
सूर्यकुमार अर्धशतक लगाने में सफल : सूर्यकुमार ने अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद एनरिच नोर्त्जे की गेंद पर वह सीमारेखा के पास डेनियल सैम्स के हाथों लपके गए। सूर्य ने 38 गेंदों पर 51 रन में छह चौके और दो छक्के लगाए। मैदान पर उतरे कीरोन पोलार्ड को अश्विन ने कैगिसो रबादा के हाथों कैच कर दिया। पोलार्ड का खाता नहीं खुला।
 
ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी : क्रुणाल पांड्या 10 गेंदों में एक छक्के के सहारे 13 रन बनाकर मार्कस स्टोइनिस का शिकार बने। मुंबई का पांचवां विकेट 140 के स्कोर पर गिरा। अपने भाई के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे हार्दिक पांड्या ने कुछ बेहतरीन छक्के लगाए जबकि दूसरे छोर पर ईशान किशन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी।
ईशान ने छक्का लगातार पूरा किया अर्धशतक : हार्दिक ने पहले सैम्स पर छक्का मारा और फिर 19वें ओवर में रबाडा की पहली दो गेंदों पर छक्के जड़ दिए। किशन ने इस ओवर में चौका लगाया। इस ओवर में 18 रन पड़े। हार्दिक ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर नोर्त्जे पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का मार दिया। चौथी गेंद पर लांग ऑफ के ऊपर से छक्का पड़ा। किशन ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया और मुंबई को 200 पर पहुंचा दिया। हार्दिक और किशन ने छठे विकेट के लिए मात्र 23 गेंदों पर 60 रन की तूफानी अविजित साझेदारी की। आखिरी ओवर में 20 रन गए। मुंबई ने अंतिम 3 ओवरों में 55 रन जोड़े।
 
अश्विन सबसे सफल गेंदबाज : दिल्ली की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने 29 रन पर 3 विकेट लिए जबकि नोर्त्जे ने 50 रन पर 1 विकेट और स्टोइनिस ने 5 रन पर एक विकेट लिया। सैम्स ने 4 ओवर में 44, रबाडा ने 4 ओवर में 42 और पटेल ने 3 ओवर में 27 रन दिए।
 
दिल्ली ने की दयनीय शुरुआत : लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने दयनीय शुरुआत की और उसके पहले तीनों बल्लेबाज खाता खोले बिना पैवेलियन लौट गए। दिल्ली ने ट्रेंट बोल्ट के पहले ओवर में पृथ्वी शॉ और रहाणे को गंवाया। अगले ओवर में शिखर धवन को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर दिया। दिल्ली के पहले तीनों बल्लेबाजों के आगे शून्य टंग गया।
 
15 करोड़ के ऋषभ पंत का खराब फॉर्म जारी : रही-सही कसर अय्यर के आउट होने से पूरी हो गई। बुमराह ने अय्यर का भी विकेट लिया। अय्यर ने 8 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 12 रन बनाए। 15 करोड़ की कीमत में खरीदे गए ऋषभ पंत के लिए इस सत्र में खराब प्रदर्शन का सिलसिला बना रहा और वह मात्र तीन रन बनाकर क्रुणाल पांड्या का शिकार बन गए। दिल्ली का पांचवां विकेट 41 के स्कोर पर गिरा।
 
स्टोइनिस ने मुंबई को किया परेशान : दिल्ली की हालत बेहद नाजुक नजर आ रही थी लेकिन स्टोइनिस ने मुंबई के गेंदबाजों के सामने मोर्चा संभाला और स्कोर बढ़ाते हुए इस सत्र में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। दूसरे छोर पर अक्षर पटेल ने उनका साथ देना जारी रखा। पटेल ने 15वें ओवर में कीरोन पोलार्ड पर लगातार 2 छक्के मारकर दिल्ली के 100 रन पूरे कर डाले।
 
बुमराह ने मुंबई के खेमे में लुटाई खु‍शियां : मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने 16वें ओवर में गेंद बुमराह को थमाई और बुमराह ने पहली ही गेंद पर स्टोइनिस को बोल्ड करके टीम को जश्न में डुबो दिया। दिल्ली का छठा विकेट 112 के स्कोर पर गिरा। स्टोइनिस ने 46 गेंदों पर 65 रन में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। स्टोइनिस और पटेल ने छठे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। बुमराह ने इसी ओवर में डेनियल सैम्स को भी पैवेलियन भेज दिया। सैम्स दिल्ली की पारी में शून्य पर आउट होने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए। सैम्स का विकेट 112 के स्कोर पर ही गिरा।
 
बुमराह की कातिलाना गेंदबाजी : जसप्रीत बुमराह ने कातिलाना गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए 4 ओवर में मात्र 14 रन देकर 4 विकेट लिए। दिल्ली की टीम 20 ओवर में 143 रन तक ही पहुंच सकी। अक्षर पटेल ने 33 गेंदों पर 2 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। रबाडा 15 रन पर नाबाद रहे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी