IPL 2022 का आया पहला शतक, जॉस बटलर ने 68 गेंदो में जड़े 100 रन

शनिवार, 2 अप्रैल 2022 (16:50 IST)
मुंबई के मैदान पर ही मुंबई के खिलाफ आईपीएल 2022 का पहला शतक आ गया है।राजस्थान के रीटेन किए गए जॉस बटलर ने शतक जमा दिया है। बटलर ने कुल 66 गेंदो में 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से यह शतक पूरा किया। हालांकि जॉस बटलर इसके बाद अपने स्कोर में कोई भी इजाफा नहीं कर सके और 2 गेंद बाद ही जसप्रीत बुमराह की गेंद पर चलते बने।

अपने 300वें टी-20 में खेल रहे जॉस बटलर ने इससे पहले मुंबई के खिलाफ पिछली 5 पारियों में खासी लंबा पारियां खेली है। इससे पहले 32 गेंदो में 41, 44 गेंदो में 70, 43 गेंदो में 89, 53 गेंदो में 94 रन बटलर ने मुंबई के खिलाफ बनाए हैं। आईपीएल करियर का यह उनका दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने पिछले सत्र में हैदराबाद के खिलाफ शतक लगाया था।

बटलर के विस्फोटक शतक से राजस्थान ने बनाया 193 का विशाल स्कोर

जोस बटलर (100) के विस्फोटक शतक और शिमरन हेत्मायर (35) की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने यहां शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2022 के नौवें मैच में 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन का विशाल स्कोर बना लिया।

टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम दो विकेट जल्दी खोने के बाद बटलर, कप्तान संजू सैमसन और शिमरन हेत्मायर की विस्फोटक पारियों से बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। 13 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल और 48 के स्कोर पर देवदत्त पडिकल के आउट होने के बाद बटलर और सैमसन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

130 के स्कोर पर सैमसन का विकेट गिरने के बाद हेत्मायर ने बटलर के साथ उसी के लय के साथ खेलना जारी रखा और टीम को 193 के विशाल स्कोर पर पहुंचाया। बटलर ने 11 चौकों और पांच छक्कों के दम पर 68 गेंदों पर 100 रन की आतिशी पारी खेली, वहीं हेत्मायर ने तीन चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 14 गेंदों पर ताबड़तोड़ 35 रन बनाए। सैमसन ने भी एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 21 गेंदों पर 30 रन का योगदान दिया।

मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह और टायमल मिल्स ने सफल गेंदबाजी की। दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कीरोन पोलार्ड ने एक विकेट निकाला। मुंबई ने पारी के 19वें ओवर में बुमराह की गेंदों पर तीन विकेट झटके जबकि आखिरी ओवर में दो विकेट निकाले।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी