चहल के साथ खतरनाक मजाक करने वाले को यह सजा दिलवाना चाहते हैं रवि शास्त्री

Webdunia
शनिवार, 9 अप्रैल 2022 (16:05 IST)
मुम्बई: लेग स्पिनर युज़वेंद्र चहल द्वारा ख़ुद के ऊपर हुए शारीरिक उत्पीड़न के खुलासे पर क्रिकेटिंग जगत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत के पूर्व कोच और वर्तमान में कमेंटेटर रवि शास्त्री ने कहा है कि ऐसे कार्यों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और ऐसा करने वालों पर तुरंत आजीवन प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

शास्त्री ने क्रिकइंफ़ो हिंदी के विशेष कार्यक्रम टी20 टाइमआउट के दौरान कहा, "यह हंसने वाली बात नहीं है। अगर कोई व्यक्ति होश में नहीं है तो उसे सार्वजनिक जगहों पर जाना ही नहीं चाहिए। यह चिंता की बात है क्योंकि उस वक़्त किसी की ज़िंदगी जोखिम में थी। कुछ लोग इसे मज़ाक के तौर पर देख सकते हैं, लेकिन मेरे लिए यह मज़ाक नहीं है। एक छोटी से भी ग़लती से किसी की जान जा सकती थी और इसे नहीं स्वीकारा जा सकता। क्रिकेटिंग सर्किल में मैं ऐसी भयानक बात पहली बार सुन रहा हूं और इसे बिल्कुल भी मज़ाक में नहीं लेना चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे मामलों को बोर्ड और फ़्रैंचाइज़ी को भी तुरंत गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसा करने वालों पर तुरंत आजीवन प्रतिबंध लगाना चाहिए, ताकि वे क्रिकेट के मैदान पर कभी वापस नहीं आ सकें। इसके अलावा ऐसे व्यक्ति को तुरंत सुधार गृह (रिहैब सेंटर) में भी भेजा जाना चाहिए। उन्होंने चहल की भी तारीफ़ करते हुए कहा कि वह इसे बताने के लिए आगे आए। हालांकि उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा होता है तो उन्हें तुरंत आगे आना चाहिए और ज़िम्मेदार लोगों को बताना चाहिए ताकि तुरंत कार्यवाही हो सके।

गौरतलब है कि हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के एक वीडियो कार्यक्रम में चहल ने खुलासा किया है कि 2013 आईपीएल के दौरान उन्हें शारीरिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। इस दौरान वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। उन्होंने बताया कि मुंबई इंडियंस के उनके एक साथी खिलाड़ी ने शराब के नशे में 15वें माले की बालकनी से नीचे लटका दिया था। इसके बाद चहल बेहोश भी हो गए थे।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख