राजीव सूरी होंगे नोकिया के प्रमुख

FILE
नई दिल्ली। फिनलैंड की दूरसंचार उपकरण बनाने वाली कंपनी नोकिया ने भारतीय मूल के राजीव सूरी को अपना अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी बनाया है।

इससे पहले 46 वर्षीय सूरी नोकिया साल्यूशंस एंड नेटवर्क्‍स (एनएसएन) का नेतृत्व कर रहे थे, जो नोकिया समूह की नेटवर्क उपकरण बनाने वाली इकाई थी। उल्लेखनीय है कि कंपनी ने अपना हैंडसेट कारोबार 7.2 अरब डॉलर में साफ्टवेयर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी माइक्रोसाफ्ट को बेच दिया है।

वे स्टीफन एलॉप की जगह लेंगे जो माइक्रोसॉफ्ट में उपाध्यक्ष के पद पर लौट गए हैं। इसके अलावा अंतरिम मुख्य कार्यकारी का कार्यभार संभाल रहे रिस्तो सिलास्मा एक मई से नोकिया के निदेशक मंडल के अध्यक्ष की भूमिका पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे।

नोकिया के निदेशक मंडल के अध्यक्ष सिलासमा ने कहा कि ‘नोकिया के निदेशक मंडल को भरोसा है कि राजीव कंपनी को आगे ले जाने के लिए सही व्यक्ति हैं। उन्होंने रणनीतिक स्पष्टता लाने की क्षमता, नव-प्रवर्तन व वृद्धि को आगे बढ़ाने, अनुशासित कार्यान्वयन आदि में अपनी क्षमता प्रदर्शित की है।

माइक्रोसॉफ्ट के नव-नियुक्त मुख्य कार्यकारी सत्य नदेला की तरह सूरी भी मेंगलूर विश्वविद्यालय के स्नातक हैं। वे अब वैश्विक कंपनियों को प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीयों की जमात में शामिल हो गए हैं जिनमें पेप्सीको की अध्यक्ष इंदिरा नूई, रेकिट बेकिंजर के मुख्य कार्यकारी राकेश कपूर, मास्टरकार्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अजय बंग और ड्यूश बैंक के अंशु जैन शामिल हैं।

आधिकारिक सूचना के मुताबिक सूरी ने मेंगलूर विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। वे फिनलैंड के एस्पू में रहते हैं। सूरी के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 23 साल से ज्यादा समय तक काम करने का अनुभव है और वे पश्चिम एशिया, एशिया, अफ्रीका और यूरोप में रहे हैं। सूरी नोकिया से 1995 में जुड़े और 2007 में एनएसएन (एशिया-प्रशांत क्षेत्र) के प्रमुख रहे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें