Youtube पर अब नहीं चल सकेंगी फर्जी खबरें, नए फीचर से लगेगी लगाम

गुरुवार, 7 मार्च 2019 (23:01 IST)
नई दिल्ली। ऑनलाइन वीडियो कंपनी Youtube ने गुरुवार को कहा कि वह गलत सूचनाओं को दूर करने तथा सही खबरें लोगों तक पहुंचाने के लिए खबरों से संबंधित वीडियो के साथ ‘सूचना पैनल’ दिखाने की शुरुआत कर रही है। Youtube ने फर्जी खबरों पर लगाम लगाने के लिए इसकी शुरुआत की है।
 
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि Youtube पर बेहतर खबरों के लिए हमारे प्रयासों के तहत हम सूचना पैनल का विस्तार कर रहे हैं। इससे किसी वीडियो को पात्र चैनल की सामग्री से मिलाकर सत्यापित किया जा सकेगा।
 
Youtube अभी देश में अंग्रेजी में ब्रेकिंग न्यूज और टॉप न्यूज फीचर की सुविधा देता है। इसके तहत देश में जब कभी कोई बड़ी घटना होती है तो प्रमाणित खबर स्रोतों को तरजीह दी जाती है।
 
कंपनी ने कहा कि जब कोई भी उपभोक्ता हिन्दी या अंग्रेजी में किसी खबर से संबंधित प्रमाणिकता को जांचना चाहेगा तब सूचना पैनल उपलब्ध रहेगा। Youtube इसके तहत किसी संबंधित सामग्री को किसी पात्र चैनल की सामग्री से मिलाएगा।
 
प्रवक्ता ने कहा कि इस फीचर को सबसे पहले भारत में पेश किया जा रहा है। उसने कहा कि बाद में इसे अन्य देशों में भी उपलब्ध किया जाएगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी