बाल कविता : करो पढ़ाई ध्यान से...

सारी छुट्टी घूम टहल लिया,
हरकत किया खूब झूम के।


 
अब तो बच्चू बैग पकड़ लो, 
जाना है स्कूल रे रे।।
 
इस छुट्टी में बहुत तुम घूमे, 
देश-परदेश और गांव में।
पैदल चलकर हालत खस्ता, 
छाले पड़ गए पांव में।।
 
अब तो प्यारे याद कुछ कर लो,
गलती करो न भूल के।
अब तो बच्चू बैग पकड़ लो,
जाना है स्कूल रे रे।।
 
जो खाते हो वही खिलाती,
दूध, दही और छांछ।
तेरे सर सदा रहेगा,
तेरी अम्मा का हाथ।।
 
सच के पथ पर चलते रहना,
पक्के बनो वसूल के।
अब तो बच्चू बैग पकड़ लो,
जाना है स्कूल रे रे।।
 
हठ को अपने छोड़ो बबलू,
करो पढ़ाई ध्यान से।
बुरे कर्म से दूर रहो तुम,
नफरत रखो अभिमान से।।
 
नाम हमारा रोशन करना,
मत बनना मगरूर रे।
अब तो बच्चू बैग पकड़ लो,
जाना है स्कूल रे रे।। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें