भारतीय पक्ष की अगुआई करेंगे रतन टाटा

मंगलवार, 1 जून 2010 (08:58 IST)
भारत-दक्षिण अफ्रीका सीईओ मंच की शुरुआत तीन जून को होगी। इसमें भारतीय पक्ष की अगुआई रतन टाटा करेंगे।

इस मंच की विधिवत शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जेकब जुमा की भारत यात्रा के दौरान होगी। राष्ट्रपति जेकब दो से चार जून तक भारत की सरकारी यात्रा पर रहेंगे और उनके साथ आठ कैबिनेट मंत्री तथा 100 सीईओ का प्रतिनिधि मंडल भी आ रहा है।

औद्योगिक सूत्रों ने बताया कि दक्षिण अफ्रीकी पक्ष की अगुआई अफ्रीकन रैनबो मिनरल के अध्यक्ष पेटरिस मोटसेपे करेंगे।

उन्होंने बताया कि मंच के सदस्यों के नाम अभी घोषित नहीं हुए हैं। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा तीन जून को मुंबई में राष्ट्रपति जेकब से मिलेंगे। दोनों देशों में व्यापार लगभग 11 अरब डॉलर का है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें