मुंबई। एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच संस्थागत और खुदरा निवेशकों की सतत लिवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स शुक्रवार को करीब 21 अंक की गिरावट के साथ खुला। यह लगातार छठा दिन है जब बाजार में गिरावट दर्ज की गई है।
तीस प्रमुख शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 21.26 अंक या 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,771.61 अंक पर खुला। सूचना प्रौद्योगिकी, रीयल्टी तथा तेल एवं गैस क्षेत्र के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले, पांच दिनों में सेंसेक्स में 778 अंक से अधिक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 3.55 अंक या 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,655.20 अंक पर खुला।
कारोबारियों के अनुसार एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच देश में राजनीतिक स्थिरता को लेकर चिंता से कारोबारी धारणा प्रभावित हुई। अमेरिकी बाजार में कल की गिरावट के कारण वैश्विक बाजार पर असर पड़ा। (भाषा)