सरकार की तुलना में कंपनियों में अधिक भरोसा

बुधवार, 13 मार्च 2013 (16:55 IST)
नई दिल्ली। एक सर्वेक्षण के अनुसार लोगों के व्यापार तथा सरकार में भरोसे में अंतर लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल इस भरोसे में 24 प्रतिशत का अंतर है और यह कॉर्पोरेट क्षेत्र के पक्ष में है यानी सरकार की तुलना में लोग कंपनियों पर अधिक भरोसा करते हैं।

एडलमेन ट्रस्ट बेरोमीटर के नवीनतम सर्वेक्षण में यह निष्कर्ष निकाला गया है। इसके अनुसार 2012 में भारत में उद्योग व्यापार में भरोसा 69 प्रतिशत से बढ़कर 81 प्रतिशत हो गया, वहीं इसी दौरान लोगों का सरकार में भरोसा 53 प्रतिशत से बढ़कर 57 प्रतिशत हुआ। फर्म का कहना है कि उद्योग व्यापार में बढ़ता भरोसा कंपनियों के लिए अच्छा संकेत है।

इस सर्वेक्षण में एक और मानक के हवाले से कहा गया है कि आम लोगों में से केवल 17 प्रतिशत उद्योगपतियों पर भरोसा नहीं करते कि वे सच बोलेंगे, वहीं राजनेताओं के मामले में यह आंकड़ा 39 प्रतिशत है यानी 39 प्रतिशत लोग नहीं मानते की नेता लोग सच बोलेंगे।

सर्वे में कहा गया है कि आजकल उद्योग व्यापार (कंपनियों) में लोगों का भरोसा दूसरों की तुलना में अधिक है यानी लोग उद्योगपतियों से अधिक अपेक्षा करते हैं। यह सर्वेक्षण 26 देशों में 31,000 लोगों पर किया गया है।

इस सर्वेक्षण के अनुसार मीडिया में ऑनलाइन सर्च इंजनों को सबसे अधिक (85 प्रतिशत) भरोसेमंद माना गया है। अखबार, रेडियो व पत्रिकाओं जैसे पारंपरिक मीडिया में 81 प्रतिशत लोगों का भरोसा है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें