सोने का आयात 61 प्रतिशत बढ़ा

रविवार, 2 अगस्त 2015 (11:34 IST)
नई दिल्ली। देश का सोने का आयात चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-मई की अवधि में 61 प्रतिशत बढ़कर 155 टन रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में गिरावट व रिजर्व बैंक द्वारा अंकुश में ढील से सोने का आयात बढ़ा है।

इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में सोने का आयात 96 टन रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम बीते कई महीनों से कमजोर हैं। 30 जुलाई को न्यूयॉर्क बाजार में सोना 1,095.10 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए।

भारत सोने का सबसे बड़ा आयातक है, जो मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करता है।

सोने का आयात बढ़ने से देश का चालू खाते का घाटा :कैड: प्रभावित होता है। वस्तुओं और सेवाओं के आयात का मूल्य निर्यात मूल्य से अधिक होना कैड कहलाता है।

वित्त वर्ष 2014-15 में कैड घटकर जीडीपी के 1.3 प्रतिशत पर आ गया। 2013-14 में यह जीडीपी का 1.7 प्रतिशत था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें