टेस्ट में पांच हजारी हुए विराट, पूरे किए सबसे तेज 16 हजार

शनिवार, 2 दिसंबर 2017 (15:03 IST)
भारतीय रन मशीन विराट कोहली ने शनिवार को 0वां शतक जड़ने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में अपने 5000 रन पूरे कर लिए हैं और इसके साथ ही उन्होंने सबसे तेज 16000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने का नया रिकॉर्ड बना लिया है।
 
भारतीय कप्तान विराट ने यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन अपना 25वां रन पूरा करने के साथ ही 63 मैचों में 5000 रन पूरे कर लिए। वह सबसे तेज 5000 रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज़ बने हैं। उन्होंने चायकाल के बाद अपना शतक पूरा किया जो उनका टेस्ट क्रिकेट में 20वां शतक है।
 
महान ओपनर सुनील गावस्कर ने 5000 रन पूरे करने के लिए 95 पारियां, वीरेंद्र सहवाग ने 99 पारियां और सचिन तेंदुलकर ने 103 पारियां खेली थीं जबकि विराट 105 पारियों में इस मुकाम पर पहुंचे हैं।
 
विराट 5000 रन पूरे करने वाले 11वें भारतीय बल्लेबाज़ बने हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सचिन, राहुल  द्रविड़, गावस्कर, वीवीएस लक्ष्मण, सौरभ गांगुली, मोहम्मद अज़हरूद्दीन, सहवाग, गुंडप्पा विश्वनाथ, दिलीप वेंगसरकर और कपिल देव को हासिल थी।
 
भारतीय कप्तान ने इसके साथ ही सबसे तेज़ 16000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकार्ड भी बना दिया है। उन्होंने 350 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला का 363 पारियों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। सचिन ने 16000 अंतरराष्ट्रीय रनों के लिए 376 पारियां खेली थीं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी