MS Dhoni की इस उदासी का कारण क्या है? क्यों साक्षी के सामने चुप रहते हैं?

38 बरस के महेंद्र सिंह धोनी किसी वक्त में 'मुकद्दर के सिकंदर' थे और भाग्य की देवी हमेशा उन पर मुस्कुराती रहती थी लेकिन करीब 1 साल से उनके सितारे गर्दिश में हैं। लॉकडाउन की वजह से रांची के अपने फॉर्म हाउस पर पत्नी साक्षी रावत और बेटी जीवा के साथ किसी तरह वक्त गुजार रहे धोनी की उदासी किसी से छुपी नहीं हुई है। ऐसा कौनसा गम है जिसकी वजह से धोनी ने खुद को निराशा के गर्त में डुबो लिया है?
 
फिल्म कोशिश के संजीव कुमार बने धोनी : क्या धोनी को अपना 16 बरस का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कॅरियर खत्म होता नजर आ रहा है? क्या उन्हें यह गम खाए जा रहा है कि अब वे इंडिया की 'ब्ल्यू जर्सी' अपने सीने पर कभी धारण नहीं कर पाएंगे? इन तमाम सवालों का जवाब सिर्फ धोनी के पास है, जो फिलहाल फिल्म 'कोशिश' के नायक संजीव कुमार की तरह गूंगे बने हुए हैं।
धोनी का पैट 'सैम' सोशल मीडिया पर छाया : क्रिकेट के मैदान पर इस चमकते और दमकते सितारे को इस हालत में देखना कुछ अच्छा नहीं लगा। उनकी पत्नी साक्षी रावत और बेटी किसी तरह धोनी का मन बहलाने की कोशिश करती हैं...उनका प्रिय डॉगी 'सैम' भी फॉर्म हाउस पर उनके साथ हैं। लॉकडाउन के बाद साक्षी ने धोनी के तीन वीडियो बनाए, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने ट्‍विटर पर शेयर भी किए।

ताजे वीडियो में गुमसुम दिखाई दिए माही : पहली बार धोनी जीवा को बाइक की सैर करवा रहे हैं, दूसरे में धोनी डॉगी सैम को कैच और फील्डिंग का अभ्यास करवाते हैं जबकि 11 मई को तीसरे वीडियो में खुद साक्षी और जीवा डॉगी को टेनिस बॉल फेंककर उसे लपकने को कहती सुनाई देती हैं। ताजा वीडियो 2 मिनट 9 सेकंड का है, लेकिन इसमें एक बार भी धोनी की आवाज सुनाई नहीं देती है।
साक्षी बोली, ओए..मिस फील्ड : धोनी कभी अपने डॉगी को निहारते हैं तो कभी जीवा को...। वीडियो के एक दृश्य में साक्षी बॉल को उछालकर डॉगी से कहती हैं- सैम, जंप, जंप लेकिन जब सैम जंप लगाकर गेंद मुंह में नहीं पकड़ता है, तब साक्षी की आवाज निकलती है- ओए..मिस फील्ड..। जब जीवा डॉगी सैम को जंप-जंप का कहती है, तो वह उसकी बात सुनता ही नहीं है। सैम केवल धोनी और साक्षी के कमांड पर ही एक्शन में आता है।
 
बोर होकर धोनी बढ़ाते हैं लॉन में कदम : इन तमाम दृश्यों को घास पर बैठे धोनी खामोशी के साथ निहारते रहते हैं लेकिन कुछ बोलते नहीं, तभी कोई परिचित आ जाता है। तब साक्षी कहती है माही-माही...धोनी संभलते हैं और आगंतुक को हाथ हिलाकर बाय करते हैं...ये पूरा नजारा वीडियो में कैद होता रहता है। जब धोनी बोर हो जाते हैं तो वे लॉन के खाली हिस्से की ओर अपने कदम बढ़ा देते हैं।
सफेद दाढ़ी को धोनी ने कलर किया : धोनी की चाल-ढाल देखकर यही लब्ज निकलते हैं कि शेर अब बूढ़ा हो चला है। याद आया, 7 दिन पहले ही मीडिया में धोनी की एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें उनकी दाढ़ी बिलकुल सफेद हो चुकी थी, वे किसी बाबा की तरह नजर आने लगे थे लेकिन ताजा वीडियो में उन्होंने अपनी दाढ़ी जरूर फ्रेंच कट के साथ काली कर ली है लेकिन बालों का बड़ा सा हिस्सा सफेद नजर आ रहा है।
 
आज भी करोड़ों दिलों पर राज : इसमें कोई शक नहीं कि देश में आज भी करोड़ों लोग धोनी के प्रशंसक हैं। उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि क्रिकेट से दूर रहने के बाद धोनी इस हालत में पहुंच चुके होंगे। हालांकि साक्षी और जीवा धोनी को हर पल आनंद और सुकून के पल देने की कोशिश करती रहती है लेकिन मजाल है कि धोनी उस तरह खुश हो, जैसे किसी मैच के जीतने पर होते हैं।
 
देश के ऐसे इकलौते कप्तान : लगता है कि धोनी ने भी यह मानसिक रूप से स्वीकार कर लिया है कि आईपीएल के अलावा उनके कम बैक के तमाम दरवाजे बंद हो चुके हैं। शायद भविष्य में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा न बन पाने का गम ही उन्हें भीतर से तोड़ रहा है। इतना तो भरोसा है कि आईसीसी क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टी20, विश्व कप, चैम्पियंस ट्रॉफी) में भारत को विश्व विजेता बनाने वाले इकलौते कप्तान जब भी मैदान पर उतरेंगे, अपनी छाप जरूर छोड़ेंगे। फिर भले ही उनका प्रदर्शन आईपीएल की चेन्नई सुपर किंग्स टीम के लिए ही क्यों न हो... 
सोशल मीडिया पर धमाल मचाते हैं साक्षी के वीडियो : धोनी भले ही सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं रहते हैं लेकिन साक्षी इंस्टाग्राम पर लगातार वीडियो और तस्वीरें शेयर करती रहती है। इन वीडियो को चेन्नई सुपर किंग्स भी साझा करता है। धोनी कितने लोकप्रिय है, इसका अंदाजा यहीं से लगता है कि 23 घंटों के भीतर उनके ताजे वीडियो को 115.7K लोगों ने देखा, 2.9K के लोगों ने रिट्‍वीट किया और 17.7K लाइक मिले।
 
धोनी का करियर : 2004 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे धोनी ने 90 टेस्ट में 4876 रन (उच्चतम 224) बनाए, जिसमें 6 शतक और 1 दोहरा शतक शामिल हैं। 350 वनडे खेलने वाले माही ने 10773 रन (उच्चतम 183) बनाए, जिसमें 10 शतक शामिल। धोनी ने 98 टी20 मैचों में 1617 और 190 आईपीएल मैचों में 4432 रन ठोंके।
 
आखिरी बार विश्व कप में नजर आए : महेंद्र सिंह धोनी अंतिम बार 9 जुलाई 2019 में इंग्लैंड में आयोजित आईसीसी विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में खेले थे। इस मैच में वे भारत को फाइनल तक नहीं पहुंचा सके। मैच में धोनी ने रन आउट होने के पहले 72 गेंदों में 50 रन की पारी खेली थी, जिसमें 1 चौका और 1 छक्का शामिल था। इसके बाद से ही धोनी प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट से दूर हैं।
धोनी की पैनी धार : 2011 में भारत को 28 साल बाद विश्व कप विजेता बनाने वाले धोनी ने 2015 के विश्व कप में भी अपना जलवा बिखेरा। 6 मार्च 2015 के दिन भारत का अपने ग्रुप में आखिरी मुकाबला पर्थ के वाका स्टेडियम में वेस्टइंडीज से था। इस मैच में भारत 137 पर 6 विकेट गंवा चुका था जबकि उसे लक्ष्य 183 रन का मिला था। यहां पर धोनी ने 45 रनों की नाबाद पारी खेलकर मैच जितवा दिया और भारत ग्रुप 'बी' में समूह विजेता बनकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा था। 
 
आखिरी 2 विश्व कप में जलवा : 2015 के विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से था, जिसे उसने 109 रनों से जीता। इस मैच में रोहित शर्मा का बल्ला चला था और उन्होंने 137 रनों की पारी खेली थी। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 95 रनों से शिकस्त दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट खोकर 328 रन बनाए थे, जवाब में भारतीय टीम 46.5 ओवर में 233 रनों पर सिमट गई थी। यहां धोनी 65 गेंदों पर 65 रन बनाकर टॉप स्कोरर थे। मैच के खलनायक बने थे विराट कोहली जो सिर्फ 1 रन पर ही आउट हो गए थे।
 
आखिरी वापसी 'लॉकडाउन' : धोनी ने कई मौकों पर देश के करोड़ों क्रिकेटप्रेमियों को जश्न मनाने के बहुतेरे अवसर मुहैया करवाए। माना जा रहा था कि 2020 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में आखिरी बार धोनी नजर आ सकते हैं, लेकिन कोविड 19 ने तमाम खेल गतिविधियां बंद करके (आईपीएल भी शामिल) धोनी की आखिरी वापसी के लिए सभी दरवाजों पर 'लॉकडाउन' का मोटा ताला जड़ डाला है...

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी