Russia-Ukraine War: युद्ध तब रुकेगा, जब यूक्रेन हथियार डालकर सारी मांगें मानेगा : पुतिन

DW

सोमवार, 7 मार्च 2022 (23:46 IST)
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन से कहा है कि लड़ना बंद करे और हथियार डाल दे। इस बीच युद्धविराम के उल्लंघन के चलते मारीउपोल शहर से आम नागरिकों को निकाले जाने का काम दूसरी बार बंद हो गया है।
 
तुर्की के राष्ट्रपति रेचप तैयप एर्दोआन से फोन पर हुई बातचीत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक यूक्रेन हथियार नहीं डालता, वह हमला नहीं रोकेंगे। उन्होंने कहा कि वह बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन उसके लिए यूक्रेन को लड़ाई रोकनी होगी।
 
क्रेमलिन ने बताया कि पुतिन ने कहा कि इस विशेष अभियान का स्थगन तभी संभव है जब कीव अपने सैन्य अभियान रोक दे और रूस के सभी मांगों को मान ले। रूसी मीडिया ने बताया कि पुतिन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों से भी बात की। दोनों नेताओं के बीच फोन पर करीब 2 घंटे बात हुई जिसमें मैक्रों ने पुतिन से कहा कि वह ऐतिहासिक शहर ओडेसा पर हमले को लेकर खासे चिंतित हैं।
 
नहीं निकल पा रहे आम नागरिक
 
इस बीच रूसी सेना द्वारा घेर लिए गए यूक्रेन के शहर मारिउपोल में रविवार को दूसरे दिन भी आम नागरिकों को निकाले जाने का काम नहीं हो पाया, क्योंकि युद्धविराम के उल्लंघन के बाद लड़ाई फिर शुरू हो गई। इस शहर में लगभग 2 लाख लोग फंसे हुए हैं।
 
इस बंदरगाह शहर में फंसे ज्यादातर लोग पिछले 6 दिनों से बंकरों में रह रहे हैं, क्योंकि लगातार गोलाबारी जारी है। रूसी फौजों ने शहर को घेर रखा है और यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक खाना, पानी और बिजली आदि की सप्लाई काट दी है।
 
सैकड़ों लोगों की मौत
 
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 24 फरवरी को रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद से अब तक इस युद्ध में 364 लोग मारे जा चुके है जिनमें 20 बच्चे हैं। घायलों की संख्या सैकड़ों में हैं।
 
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार आयुक्त ने कहा कि ज्यादातर जानें बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचाने के मकसद से की गई बमबारी के कारण गई हैं जिनमें भारी तोपें, रॉकेट, मिसाइल और हवाई हमले शामिल हैं। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के मुताबिक रूस ने अब तक लगभग 600 मिसाइलें दागी हैं। रूस लगातार कहता रहा है कि उसकी सेना आम नागरिकों को निशाना नहीं बना रही है।
 
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि रूस ने आम नागरिकों पर हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि रूसी रॉकेट विनीत्सिया शहर के नागरिक हवाई अड्डे को भी ध्वस्त कर चुके हैं। जेलेंस्की ने कहा कि आम लोगों पर अत्याचार करने वालों को अंतत: सजा मिलेगी। जेलेंस्की ने कहा कि तुम्हारे लिए इस धरती पर कब्र के अलावा कहीं जगह नहीं बचेगी।
 
वीके/एए (रॉयटर्स, एपी, एएफपी)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी