लोकसभा चुनाव में भोपाल में लगा सियासी बाबाओं का मिनी कुंभ!

विकास सिंह

बुधवार, 8 मई 2019 (10:56 IST)
भोपाल। चुनाव में आमतौर पर किसी लोकसभा सीट पर नेताओं का जमावड़ा लगता है, पार्टी के स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार करते हैं। लेकिन इस बार भोपाल सीट पर नजारा एकदम अलग नजर आ रहा है। पार्टी के स्टार प्रचारकों की जगह अब बाबाओं ने ले ली है। देश भर के साधु संत भोपाल के सियासी मिनी कुंभ में आ डटे हैं। चुनावी इतिहास में शायद ऐसा पहली बार हो रहा है जब इतनी बड़ी संख्या में साधु संत भोपाल पहुंचे हैं।
 
कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह को जिताने के लिए कंप्यूटर बाबा ने देश भर से हजारों साधु संतों को भोपाल में इकट्ठा किया है। मंगलवार को भोपाल में कंप्यूटर बाबा के साथ इन साधु संतों ने दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हठयोग किया तो आज सड़क पर उतरकर हजारों साधु संत रोड शो कर रहे हैं।
महामंडलेश्वर वैराग्यानंद का मिर्ची यज्ञ – भोपाल में सियासी बाबाओं में एक नाम महामंडलेश्वर वैराग्यानंद गिरी महाराज का भी है। पंचायती निरंजनी अखाड़े से जुड़े वैराग्यानंद महाराज ने दिग्विजय सिंह की जीत के लिए मिर्ची हवन भी किया है। बाबा का दावा है कि दिग्विजय सिंह चुनाव जीतेंगे और अगर दिग्विजय चुनाव नहीं जीते तो वो जिंदा समाधि ले लेंगे। बताते हैं कि वैराग्यनंद गिरी महाराज 2014 में नरेंद्र मोदी की जीत के लिए भी ऐसा ही यज्ञ कर चुके हैं।
 
साध्वी के साथ संत अवेधशपुरी महाराज – ऐसा नहीं है कि इस सियासी मिनी कुंभ में केवल कांग्रेस की तरफ से साधु संत मैदान में हैं। भाजपा ने तो साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को ही अपना उम्मीदवार बनाया है और उनके समर्थन में कई साधु संत भोपाल में आ डटे हैं। उज्जैन अखाड़ा परिषद के पूर्व महामंत्री संत अवधेशपुरी महाराज पूरी तरह सियासी रंग में नजर आ रहे हैं। अवधेशपुरी महाराज साध्वी प्रज्ञा के समर्थन में लगातार चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी