दादी इंदिरा के नाम पर प्रियंका वाड्रा ने मध्यप्रदेश में मांगे वोट, मोदी को गरीब व किसान विरोधी बताया

सोमवार, 13 मई 2019 (20:50 IST)
रतलाम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को मध्यप्रदेश में पहली राजनीतिक यात्रा के दौरान रतलाम में अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का स्मरण किया और लोगों से ऐसी सरकार बनाने का अनुरोध किया, जो उन्हें शक्ति प्रदान करे।
 
प्रियंका ने आदिवासी बहुल रतलाम संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के समर्थन में यहां चुनावी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और भूरिया भी मौजूद थे।
 
प्रियंका ने स्थानीय पोलोग्राउंड में उपस्थित आदिवासियों और अन्य लोगों की मौजूदगी में अपनी दादी इंदिरा गांधी का स्मरण कराते हुए वोटों की अपील करते कहा कि ये चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हैं। अगर आप कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे, तो आप खुद को मजबूत बनाएंगे। आप अपने भविष्य को मजबूत बनाएंगे।
 
उन्होंने जनता से मुखातिब होते हुए कहा कि उनकी दादी आप लोगों के बीच से जाने के बाद उनकी (आदिवासियों की) संस्कृति आदि के बारे में चर्चा करती थीं। उन्हें मिलने वाले उपहार आदि दिखाती थीं।
 
प्रियंका ने अपने लगभग 23 मिनट के भाषण में केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर हमले किए। भाषण समाप्त करने के बाद वे सुरक्षा के लिए बनाई गई 'डी' को लांघकर जनता के बीच पहुंचीं और सभा में आईं महिलाओं से मिलने के बाद वापस लौटीं।
 
सभा के दौरान सैलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हर्ष विजय गेहलोत कथित नाराजगी के चलते मंच पर मौजूद नहीं थे, जबकि वक्ताओं द्वारा उनका नाम लिया जा रहा था। सभा में सैलाना विधानसभा क्षेत्र से हजारों आदिवासी भी पहुंचे थे। रतलाम संसदीय क्षेत्र भी अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित है।
 
प्रियंका ने कहा कि चुनावी मौसम में सभी दलों के नेता लुभावने वादे करते हैं, लेकिन मतदाताओं को जागरूक रहना चाहिए ताकि वे समझ सकें कि कौन वादा पूरा करता है और कौन सिर्फ जुमलेबाजी करता है? उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें विश्व के अनेक राष्ट्राध्यक्षों से मिलने का वक्त है, लेकिन गरीबों और किसानों से मिलने का समय उन्हें नहीं मिल पाता है। उन्होंने मोदी को गरीब और किसान विरोधी बताया।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो अच्छे काम आदिवासियों और गरीबों के लिए किए थे, मोदी ने उन्हें नष्ट करने का काम किया है। कांग्रेस ने वन अधिकार कानून बनाया था, लेकिन मोदी ने उसे समाप्त कर दिया। इसी तरह मनरेगा को कमजोर कर दिया गया। नोटबंदी और जीएसटी से शहरों में रोजगार समाप्त हुए।
 
कांग्रेस के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ठोस बातें करती है। कांग्रेस की सरकार आने पर हर एक गरीब परिवार को साल के 72 हजार रुपए दिए जाएंगे, जो कि महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज और 12वीं तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। 22 लाख सरकारी नौकरियां 1 साल के भीतर दी जाएंगी। मनरेगा को 100 से बढ़ाकर 150 दिनों का किया जाएगा। कृषि का बजट अलग से बनाया जाएगा। जीएसटी को भी सरल किया जाएगा।
 
इसके पहले प्रियंका उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकाल मंदिर पहुंचीं और विधिवत दर्शन किए। वे रतलाम में सभा के बाद इंदौर रवाना हो गईं, जहां वे रोड शो करेंगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी